भारत और अफगानिस्तान के बीच इकलौता टेस्ट मुल्लांपुर में गुरुवार (6 जून) से खेला जाना है। मुकाबले से एक दिन पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में संकेत दिए कि साई सुदर्शन को एक और मौका दिया जाएगा, जिससे टीम कॉम्बिनेशन की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। सुदर्शन नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते दिखेंगे। इस पोजिशन पर उनके खेलने का मतलब है कि देवदत्त पडिक्कल को अपनी बारी का इंतजार करना होगा।
पडिक्कल ने घरेलू क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में रनों का अंबार लगाकर भारतीय टीम के दरवाजे पर फिर से दस्तक दी है। हालांकि टीम इंडिया की जर्सी में उतरने का उनका इंतजार एक बार फिर बढ़ गया है। कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट के चलते गुवाहाटी में नहीं खेल पाए थे। वह अपना नंबर-4 पोजिशन ध्रुव जुरेल से लेंगे। बेहतरीन फॉर्म से गुजर रहे जुरेल को एक अतिरिक्त बल्लेबाज के तौर पर छठे नंबर पर खिलाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: न राशिद हैं न नबी, भारत के सामने कितनी मजबूत है अफगानी टीम?
हर्ष या सुथार, कौन करेगा डेब्यू?
भारतीय टीम का बैटिंग ऑर्डर लगभग तय है। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी पारी की शुरुआत करेगी। इसके बाद सुदर्शन, गिल और फिर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत आएंगे। पंत का यह 50वां टेस्ट है। उनसे उप-कप्तानी छीन ली गई है। पंत अपने स्पेशल मुकाबले में जिम्मेदारी भरी पारी खेलना चाहेंगे। लोअर मिडिल ऑर्डर में उन्हें जुरेल और वॉशिंगटन सुंदर का साथ मिलेगा।
कुलदीप यादव स्पिन अटैक की अगुवाई करेंगे। रवींद्र जडेजा की गैरमौजूदगी में मुल्लांपुर टेस्ट के लिए दो-दो लेफ्ट आर्म स्पिनरों - हर्ष दुबे और मानव सुथार - को टीम में रखा गया है। दोनों में से किसी एक का डेब्यू तय है। गंभीर ने कहा कि मुल्लांपुर टेस्ट के जरिए वह चौथा स्पिनर तैयार करना चाहते हैं। अब देखना यह है कि हर्ष या सुथार में से किसे पहले मौका मिलता है। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा पर होगी।
यह भी पढ़ें: प्रज्ञानानंदा ने गुकेश को हराया, नॉर्वे चेस टूर्नामेंट में खिताब के करीब पहुंचे
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
भारत - यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप कप्तान), साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे/मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा
अफगानिस्तान - सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शहीदी (कप्तान), अजमतुल्लाह ओमरजई, रहमानुल्लाह, अफसर जजई (विकेटकीपर), शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, कैस अहमद, जियाउर रहमान
