टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में 87 रन की करारी हार के बाद माना कि गेंदबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। उन्होंने कहा कि इस मैच में हुई गलतियों से सीखेंगे। सीरीज पहले ही गंवा चुकी न्यूजीलैंड की टीम ने इस मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी के दम पर 7 विकेट के नुकसान पर 259 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ग्लेन फिलिप्स ने 49 गेंद में 107 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि माइकल ब्रेसवेल ने महज 25 गेंद में 65 रन बना दिए।
फिलिप्स ने पारी के 16वें ओवर में नीतिश कुमार रेड्डी के खिलाफ 32 रन बटोरे। इस ओवर में उन्होंने लगातार 4 छक्के लगाए। फिलिप्स और ब्रेसवेल ने मिलकर 16 छक्के जड़े, जबकि न्यूजीलैंड की पारी में कुल 20 छक्के लगे। भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 9 विकेट पर 172 रन ही बना सकी।
श्रेयस ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन में कहा, 'हम गेंदबाजी में पीछे रह गए। पावरप्ले और खासकर तीसरे ओवर से उन्होंने लय हासिल कर ली। ग्लेन ने कुछ असाधारण शॉट खेले। हमें अपनी गलतियों पर गौर करना होगा और यह देखना होगा कि वापसी कैसे की जाए। मुझे लगता है कि हम फिर से अपनी रणनीति पर विचार कर उसे बेहतर तरीके से लागू कर सकते हैं।'
यह भी पढ़ें: फिलिप्स-ब्रेसवेल के तूफान के बाद डफी ने बरपाया कहर, बुरी तरह हारी टीम इंडिया
परिस्थितियों के अनुरूप ढलना आसान नहीं - श्रेयस
ईडन पार्क क्रिकेट के सबसे छोटे मैदानों में से एक है और यहां की बाउंड्री की बनावट भी कुछ असामान्य है। श्रेयस ने कहा कि पहली बार इस मैदान पर खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए यहां की परिस्थितियों के अनुरूप ढलना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा, 'हमें पता था कि मैदान की बाउंड्री ऐसी ही होगी। कुछ खिलाड़ियों के लिए यहां खेलने का यह पहला अनुभव था। परिस्थितियों के अनुरूप ढलना आसान नहीं है। पहले 3 मैचों में खिलाड़ियों ने जिस तरह प्रदर्शन किया, वह शानदार था। यह सीखने का अच्छा अनुभव रहा।'
यह भी पढ़ें: 5 गेंद में खाए 5 छक्के... कप्तान पंड्या बने विलेन, पाकिस्तान से हारी टीम इंडिया
सैंटनर ने पावरप्ले में विकेट मिलने पर जताई खुशी
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने पावरप्ले में विकेट मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ अच्छी रणनीति अपनाई और उसे मैदान पर प्रभावी ढंग से लागू किया। सैंटनर ने कहा, 'तेज हवा के कारण मैदान पर ओस नहीं पड़ी। भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी करने की जरूरत होती है और हमने ऐसा किया। शुरुआत में कुछ गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आई लेकिन हमारे गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और पावरप्ले में विकेट हासिल किए। पिच में थोड़ी मदद मौजूद थी, जो हम चाहते हैं। उछाल वाली पिच पर खेलना अच्छा अनुभव रहा।'
उन्होंने ब्रेसवेल की तूफानी पारी को टीम के बड़े स्कोर तक पहुंचने में निर्णायक बताया। सैंटनर ने कहा, 'ब्रेसवेल ने जिस तरह आते ही पहली गेंद से आक्रामक बल्लेबाजी शुरू की और स्कोर को 260 के करीब पहुंचाया, वह शानदार था। डफी ने भी सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी की और शुरुआत में ही दो विकेट हासिल किए।'
शतक ठोकने के बाद फिलिप्स क्या बोले?
शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए फिलिप्स ने पिच को बल्लेबाजी के अनुकूल करार देते हुए कहा, 'यह शानदार पिच थी और बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी थी। हमने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया। रन बनाकर टीम की जीत में योगदान देना अच्छा लगा।' इस सीरीज में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर फिलिप्स ने कहा, 'जब आप अच्छी लय में हों तो कोशिश यही होनी चाहिए कि यह दौर ज्यादा से ज्यादा लंबा चले।'
