भारत ने नागपुर में खेले गए पहले टी20 मैच में न्यूजीलैंड को 48 रन से रौंद दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा (35 गेंद में 84 रन) और रिंकू सिंह (20 गेंद में नाबाद 44 रन) की मदद से 7 विकेट के नुकसान पर 238 रन बनाए थे। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम पूरे 20 ओवर खेलकर 190 रन ही बनाई पाई।

 

न्यूजीलैंड के लिए सिर्फ ग्लेन फिलिप्स ही चल पाए। उनके अलावा कोई भारतीय बॉलिंग को उतना परेशान नहीं कर सका। फिलिप्स 40 गेंद में 78 रन बनाकर अपनी टीम के हाईएस्ट स्कोरर रहे। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल के खाते में 1-1 विकेट रहे। जसप्रीत बुमराह को कोई सफलता नहीं मिली। सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार को रायपुर में खेला जाएगा।

भारत बनाम न्यूजीलैंड, लाइव अपडेट

Live Updates

2026-01-21T22:44

टीम इंडिया ने टी20 सीरीज का किया धमाकेदार आगाज

भारतीय टीम ने पहले टी20 में न्यूजीलैंड को करारी शिकस्त दी है। टीम इंडिया के 238 रन के जवाब में कीवी टीम 7 विकेट खोकर 190 रन तक ही पहुंच सकी। 48 रन की बड़ी जीत के साथ सूर्या ब्रिगेड ने टी20 सीरीज का धमाकेदार आगाज किया है।

2026-01-21T22:15

न्यूजीलैंड की आधी पारी सिमटी

वरुण चक्रवर्ती ने मार्क चैपमैन (39) को आउट कर 143 के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी पारी समेट दी है। अब मुकाबला टीम इंडिया की मुट्ठी में है।

2026-01-21T22:11

अक्षर ने टीम इंडिया को दिलाई चौथी सफलता

अक्षर पटेल ने चौका और छक्का खाने के बाद ग्लेन फिलिप्स (78) का विकेट झटक लिया है। अब क्रीज पर डेरिल मिचेल आए हैं।

2026-01-21T21:59

फिलिप्स ने ठोका अर्धशतक

ग्लेन फिलिप्स ने जीवनदान का फायदा उठाकर 29 गेंद में पचासा ठोक दिया है। 11 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 95/3 है। उसे जीत के लिए 9 ओवर में 144 रन बनाने हैं।

2026-01-21T21:52

सैमसन ने रन आउट का मौका गंवाया

संजू सैमसन ने आसान रन आउट का मौका गंवा दिया है। ग्लेन फिलिप्स डीप मिडविकेट की दिशा में खेलकर दूसरे रन के लिए भागे थे। रिंकू सिंह ने तेजी से दौड़ लगाई और सैमसन के पास एक टप्पे में गेंद को पहुंचा दिया था। फिलिप्स फ्रेम में नहीं थे लेकिन सैमसन फंबल कर गए।

2026-01-21T21:35

वरुण चक्रवर्ती ने आते ही झटका विकेट

वरुण चक्रवर्ती को सूर्या ने पावरप्ले खत्म होने के बाद गेंदबाजी अटैक पर बुलाया था। वरुण अपने कप्तान के भरोसे पर खरा उतरे और आते ही उन्होंने टिम रॉबिन्सन (21) को चलता कर दिया है। न्यूजीलैंड का स्कोर 52/3 हो गया है। ग्लेन फिलिप्स का साथ देने मार्क चैपमैन आए हैं।

2026-01-21T21:14

न्यूजीलैंड के 2 विकेट धड़ाम

अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या ने पहले दो ओवर में दो विकेट चटका दिए हैं। डेवोन कॉनवे (0) के बाद रचिन रवींद्र (1) भी पवेलियन लौट गए हैं। टिम रॉबिन्सन और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं।

2026-01-21T20:46

रिंकू ने आखिरी ओवर में बटोरे 21 रन

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने आखिरी ओवर खुद से न कर डेरिल मिचेल को दिया था। पूरी तरह से जम चुके रिंकू ने इस ओवर में 2 छक्के और 2 चौके लगाकर टीम इंडिया को 238 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया है। यह टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। रिंकू 20 गेंद में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर नाबाद रहे।

2026-01-21T20:16

भारत का स्कोर 200 के पार

रिंकू सिंह ने 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को 200 के पार पहुंचा दिया है। अगली गेंद पर भी उन्होंने चौका लगाया। हालांकि इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर अक्षर पटेल (5) अपना विकेट गंवा बैठे। इससे पहले 16वें ओवर में हार्दिक पंड्या 16 गेंद में 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे।

2026-01-21T20:16

भारत के 5 विकेट गिरे

शिवम दुबे काइल जेमीसन को छक्का लगाने के बाद अगली ही गेंद पर आउट हो गए हैं। 14 ओवर की समाप्ति पर भारत का स्कोर 168/5 है। हार्दिक पंड्या और रिंकू सिंह क्रीज पर हैं।

2026-01-21T20:09

अभिषेक ताबड़तोड़ 84 रन बनाकर OUT

अभिषेक शर्मा की विस्फोटक पारी थम गई है। वह 35 गेंद में 84 रन बनाकर ईश सोढ़ी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए। रिंकू सिंह से पहले शिवम दुबे को भेजा गया है।

2026-01-21T19:40

कप्तान सूर्या ने बनाए 32 रन

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव 22 गेंद में 32 रन बनाकर विपक्षी कप्तान मिचेल सैंटनर का शिकार बन गए हैं। 126/3 के स्कोर पर हार्दिक पंड्या ने क्रीज पर कदम रखा है।

2026-01-21T19:41

अभिषेक शर्मा की तूफानी फिफ्टी

अभिषेक शर्मा ने महज 22 गेंद में फिफ्टी जड़ दिया है। उन्होंने अपना पारी में 4 चौके और 4 छक्के लगाए हैं। अभिषेक और सूर्यकुमार यादव के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी हो चुकी है।

2026-01-21T19:35

सूर्या-अभिषेक ने जमाया रंग

संजू सैमसन और ईशान किशन के सस्ते में आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाल लिया है और भारत को पावरप्ले में 68 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया है।

2026-01-21T19:19

भारत का दूसरा विकेट गिरा

ईशान किशन भी आउट हो गए हैं। 27 के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिर गया है। ईशन इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी पर 5 गेंद में 8 रन ही बना पाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव बैटिंग करने उतरे हैं।

2026-01-21T19:13

संजू सैमसन OUT

भारत को दूसरे ओवर में ही संजू सैमसन के रूप में तगड़ा झटका लगा है। काइल जेमीसन की गेंद को संजू सीधे मिडवेकट के हाथों में खेल बैठे। उन्होंने 7 गेंद में 10 रन बनाए। ईशान किशन बैटिंग करने आए हैं और उन्होंने चौके से खाता खोला है।

2026-01-21T19:02

भारत की बैटिंग शुरू

भारत की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करने उतरे हैं। संजू और अभिषेक दोनों छोर से ताबड़तोड़ रन बनाने के लिए मशहूर हैं। 

2026-01-21T18:33

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI

भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती

न्यूजीलैंड - टिम रॉबिन्सन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, जैकब डफी

2026-01-21T18:31

नागपुर में टीम इंडिया की पहले बैटिंग

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। यानी भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करती नजर आएगी।

2026-01-21T18:03

क्या होगी भारत की प्लेइंग-XI?

भारतीय टीम नागपुर में 3 स्पिनरों के साथ उतर सकती है। अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के बाद तीसरा स्पिनर कौन होगा, यह बड़ा सवाल है। कुलदीप यादव फ्रंटरनर हैं लेकिन उनकी फॉर्म अच्छी नहीं है। क्या रवि बिश्नोई के लिए जगह बनेगी? रिंकू सिंह पर भी निगाहें रहेंगी।

भारत की संभावित प्लेइंग-XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, हर्षित राणा/शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह/कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती

2026-01-21T17:45

सूर्या का 100वां टी20I मैच

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए यह खास मैच होने वाला है। वह अपना 100वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलने उतर रहे हैं।

2026-01-21T17:13

ईशान दो साल बाद खेलेंगे इंटरनेशनल मैच

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कल ही बता दिया था कि तिलक वर्मा की जगह ईशान किशन खेलेंगे। ईशान आखिरी बार टीम इंडिया की जर्सी में 2023 के अंत में नजर आए थे। वह लगभग 2 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने उतरेंगे।

2026-01-21T17:00

न्यूजीलैंड ने 10 साल पहले दिया था गहर जख्म

भारत और न्यूजीलैंड के बीच नागपुर में 2016 टी20 वर्ल्ड कप का पहला मुकाबला खेला गया था। इस मैच में कीवी टीम ने भारत को 79 रन पर ढेर कर 47 रन से सनसनीखेज जीत दर्ज की थी।