न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया टी20 ने भारतीय गेंदबाजों की पोल खोलकर रख दी। टीम इंडिया के गेंदबाज पूरी सीरीज के दौरान असहाय नजर आए। कीवी टीम ने 5 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 225 रन का स्कोर खड़ा करने के बाद चौथे मैच में 7 विकेट के नुकसान पर 259 रन ठोक दिए, जो टी20 इंटरनेशनल में उसका अब तक का सबसे बड़ा टोटल रहा।
भुवनेश्वर कुमार और मयंक यादव बुरी तरह से पिटे। प्रिंस यादव और अक्षर पटेल भी काफी महंगे रहे। अर्शदीप सिंह इकलौते भारतीय गेंदबाज रहे, जिनकी इकॉनमी 10 से नीचे रही। पूरी सीरीज के दौरान जसप्रीत बुमराह की कमी खली। अब बुमराह की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया वनडे सीरीज में उतरने वाली है। बुधवार (4 नवंबर) से शुरू हो रही इस सीरीज के आगाज से पहले ही बुमराह को मिस किया जाने लगा है। लोगों का कहना है कि तेज गेंदबाजों के बड़े पुल को लेकर काफी बातें होती थीं लेकिन प्रदर्शन वैसा नहीं रहा है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में गुरनूर बराड़, अंशुल कम्बोज और आकिब नबी असहाय नजर आए थे। अब यह तिकड़ी न्यूजीलैंड में दिखने वाली है। इन तीनों के अलावा यश ठाकुर भी स्क्वॉड का हिस्सा हैं। इन सभी तेज गेंदबाजों में से कोई भी न्यूजीलैंड में नहीं खेला है।
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया की हर मर्ज की दवा बन गए हैं ईशान किशन, ODI में यशस्वी से भी आगे निकले
न्यूजीलैंड में उतरेगी अनुभवहीन पेस यूनिट
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम मैनेजमेंट के सामने बॉलिंग कॉम्बिनेशन तय करना बड़ी चुनौती होगी। ऐसा इसलिए, क्योंकि गुरनूर, कम्बोज, आकिब और यश ठाकुर के पास इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव बेहद कम है। इन चारों ने मिलकर अब तक केवल 11 वनडे मुकाबले खेले हैं। ऐसे में अनुभवी और संतुलित न्यूजीलैंड टीम के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों की परीक्षा होना तय है।
सिराज भी न्यूजीलैंड में खेलेंगे पहला वनडे मैच
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से सीरीज में 2 अतिरिक्त वनडे मुकाबले शामिल किए जाने के फैसले से टीम इंडिया को कमजोर गेंदबाजी अटैक के साथ मैदान पर उतरना पड़ सकता है। गौर करने वाली बात यह है कि अर्शदीप को छोड़कर वनडे टीम में शामिल सभी गेंदबाज न्यूजीलैंड की धरती पर अपनी पहली वनडे सीरीज खेलेंगे।
मोहम्मद सिराज 51 वनडे में 77 विकेट के साथ भारतीय अटैक के सबसे अनुभवी गेंदबाज हैं। इस बात की संभावना है कि वह शुरुआती 3 मुकाबलों के बाद टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए टीम से अलग हो जाएंगे। टीम के एकमात्र पेस बॉलिंग ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी भी आखिरी 2 मैचों में नहीं खेलेंगे। ऐसे में 18 वनडे का अनुभव रखने वाले अर्शदीप सिंह पर गेंदबाजी अटैक की अगुआई की जिम्मेदारी होगी। उनके अलावा गुरनूर (9 वनडे), कम्बोज (एक वनडे) और आकिब नबी (एक वनडे) टीम का हिस्सा हैं।
आखिरी 2 वनडे के लिए टीम में शामिल यश ठाकुर ने अभी वनडे डेब्यू नहीं किया है। सीरीज के शुरुआती 3 वनडे में सिराज और अर्शदीप का खेलना लगभग तय माना जा रहा है लेकिन तीसरे तेज गेंदबाज के लिए गुरनूर, कम्बोज और आकिब के बीच मुकाबला होगा।
यह भी पढ़ें: BCCI ने वैभव सूर्यवंशी को दिया बड़ा मौका, तिलक वर्मा की कप्तानी में टीम का ऐलान
गुरनूर, कम्बोज और आकिब में कौन दावेदार?
गुरनूर की वनडे में इकॉनमी 7.71 की रही है। 6 फुट 5 इंच लंबे गुरनूर के पास अतिरिक्त गति और उछाल हासिल करने की क्षमता है। कम्बोज और आकिब की औसत गेंदबाजी गति करीब 135 किलोमीटर प्रति घंटा है लेकिन इंटरनेशनल लेवल पर सीमित अनुभव के कारण उन्हें अलग-अलग मैच परिस्थितियों को समझने और दबाव के क्षणों में रणनीति को सही तरीके से लागू करने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में गुरनूर तीसरे तेज गेंदबाज के लिए पहली पसंद होंगे।
