देवदत्त पडिक्कल ने इतिहास रच दिया है। अपना तीसरा ही टेस्ट मैच खेल रहे पडिक्कल ने राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा जैसे दिग्गजों के क्लब में जगह बना ली है। पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट में 230 गेंद में 15 चौके और 1 छक्के की मदद से 167 रन जड़े। वह टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाफ नंबर-3 पर आकर 150 प्लस स्कोर बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

 

इससे पहले यह कारनामा द्रविड़ और पुजारा ही कर पाए थे। द्रविड़ ने 2009 में अहमदाबाद टेस्ट में 177 रन की पारी खेली थी। वहीं पुजारा ने 2017 में गॉल टेस्ट में 153 रन बनाए थे। पडिक्कल ने नंबर-3 पर आकर श्रीलंका में सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में पुजारा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

 

यह भी पढ़ें: IND vs SL: नहीं मान रहे ऋषभ पंत, अब गॉल टेस्ट में भी फेंका विकेट

पडिक्कल ने नंबर-3 पर की जगह पक्की

साई सुदर्शन के चोटिल होने से पडिक्कल को मौका मिला है। पडिक्कल ने दोनों हाथों से इस मौके को भुनाते हुए बड़ी शतकीय पारी खेल नंबर-3 पोजिशन पर अपनी जगह पक्की कर ली है। सुदर्शन की वापसी के बाद भी पडिक्कल ही इस महत्वपूर्ण पोजिशन पर बैटिंग करते दिखेंगे। सुदर्शन नंबर-3 पर बैटिंग करते हुए 7 टेस्ट मैचों में 31.91 की औसत से 383 रन ही बना पाए हैं। इस दौरान वह कोई शतक नहीं लगा पाए हैं।

 

यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप में इंग्लैंड से 32 साल से नहीं जीता भारत, इस बार बदलेगी कहानी?

बड़े स्कोर की ओर भारत

पडिक्कल की मैराथन पारी की मदद से टीम इंडिया बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। भारतीय टीम 400 रन के करीब पहुंच गई है। क्रीज पर ध्रुव जुरेल और मानव सुथार खड़े हैं। पडिक्कल का विकेट प्रभात जयसूर्या ने चटकाया। कल रिटायर हर्ट होकर मैदान से बाहर गए केएल राहुल आज अपनी पारी में 5 रन ही जोड़ पाए। वह 82 रन के निजी स्कोर पर डेब्यूटंट केशरा नुवांथा का शिकार बने। नुवांथा ने इससे पहले ऋषभ पंत (39) का विकेट चटकाया था। 

 

ऑफ स्पिन ऑलराउंडर नुवांथा ने रवींद्र जडेजा (13) के रूप में अपना तीसरा विकेट लिया। श्रीलंका ने अब तक 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया है लेकिन जयसूर्या और नुवांथा को छोड़कर सभी गेंदबाज खाली हाथ हैं।