भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज शुरू हो गई है। ऑकलैंड के ईडन पार्क में 5 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। शुभमन ने टॉस के दौरान बताया कि अंशुल कम्बोज, आकिब नबी, गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह गेंदबाज के तौर पर उतर रहे हैं, जबकि नमन धीर और अक्षर पटेल ऑलराउंडर के रूप में खेलेंगे। स्क्वॉड में मौजूद पेस बॉलिंग ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को नहीं खिलाया गया है।

 

दिलचस्प बात है कि नीतीश को सिर्फ सीरीज के पहले वनडे मुकाबले के लिए ही स्क्वॉड में रखा गया था लेकिन उन्हें प्लेइंग-XI में नहीं रखा गया। नीतीश ने टी20 सीरीज के सभी 5 मैच खेले थे। उन्हें टेस्ट टीम में भी शामिल किया गया है। ऐसे में हो सकता है कि उन्हें एहतियातन आराम दिया गया हो।

 

यह भी पढ़ें: कितने बजे से शुरू होगा भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला वनडे, फ्री में कहां दिखेगा?

नीतीश के नहीं खेलने से बल्लेबाजी होगी कमजोर?

भारतीय टीम 5 स्पेशलिस्ट बल्लेबाजों के साथ उतरी है। लोअर ऑर्डर में अंशुल कम्बोज और आकिब नबी भी बल्लेबाजी कर सकते हैं। इस तरह टीम इंडिया के पास 9वें नंबर तक बल्लेबाजी है। ऐसे में नीतीश को नहीं खिलाने से बैटिंग पर ज्यादा असर पड़ता नहीं दिखाई दे रहा है।

 

रोहित शर्मा और शुभमन ओपनिंग करेंगे। विराट कोहली फर्स्ट डाउन, जबकि श्रेयस अय्यर नंबर-4 पर खेलेंगे। नंबर-5 पर केएल राहुल या अक्षर पटेल आ सकते हैं। नमन धीर को लोअर ऑर्डर में कम्बोज और आकिब नबी के साथ बैटिंग करनी होगी।

 

यह भी पढ़ें: रोहित-कोहली से लेकर गिल तक, न्यूजीलैंड में कैसा है भारत के धुरंधरों का रिकॉर्ड?

न्यूजीलैंड की टीम भी 4 तेज गेंदबाजों के साथ खेल रही

कीवी टीम ने भी 4 तेज गेंदबाजों को खिलाने का फैसला किया है। नाथन स्मिथ, काइल जेमीसन, ब्लेयर टिकनर और जैकब डफी सभी एकसाथ खेल रहे हैं। मिचेल सैंटनर स्पिन अटैक की अगुवाई करेंगे। उन्हें ग्लेन फिलिप्स का भी साथ मिलेगा। 

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:

न्यूजीलैंड - विल यंग, टिम साइफर्ट, हेनरी निकोल्स, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टॉम लैथम (विकेटकीपर), मिचेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जेमीसन, ब्लेयर टिकनर, जैकब डफी

 

भारत - रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, अक्षर पटेल, अंशुल कम्बोज, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह