न्यूजीलैंड ने राजकोट में खेले गए दूसरे वनडे में भारतीय टीम को 7 विकेट से हरा दिया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 284 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे कीवी टीम ने 47.3 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। नंबर-4 पर उतरे डेरिल मिचेल ने 117 गेंद में 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 131 रन की पारी खेली। उनके अलावा विल यंग ने 87 रन का योगदान दिया। मिचेल-यंग के बीच तीसरे विकेट के लिए 162 रन की साझेदारी हुई, जिसने मुकाबले को एकतरफा बना दिया।

 

भारत की ओर से केएल राहुल ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 92 गेंद में नाबाद 112 रन जड़े लेकिन उनकी यह पारी टीम इंडिया के काम नहीं आ सकी। न्यूजीलैंड के लिए क्रिस्टियन क्लार्क ने 3 बड़े विकेट झटके। उन्होंने रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को चलता किया। बता दें कि सीरीज अब 1-1 से बराबर हो गई है। तीसरा और निर्णायक मुकाबला रविवार को इंदौर में खेला जाएगा। 

मैच के अपडेट्स

Live Updates

2026-01-14T21:27

न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से जीता मुकाबला

न्यूजीलैंड ने 285 रन के टारगेट को 15 गेंद शेष रहते आसानी से हासिल कर लिया है। डैरिल मिचेल ने 117 गेंद में नाबाद 131 रन की पारी खेल कीवी टीम को 7 विकेट से धमाकेदार जीत दिलाई। अब सीरीज 1-1 से बराबर हो गया है। तीसरा और निर्णायक वनडे रविवार को इंदौर में खेला जाएगा।

2026-01-14T21:20

न्यूजीलैंड जीत की दहलीज पर

डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया है। कीवी टीम जीत से महज 17 रन दूर है। उसे 4 ओवर में ये रन बनाने हैं और उसके पास 7 विकेट शेष हैं।

2026-01-14T20:54

डैरिल मिचेल ने जड़ा शतक

न्यूजीलैंड के डैरिल मिचेल ने भारत के खिलाफ अपना तीसरा वनडे शतक लगा दिया है। राजकोट में उन्होंंने 96 गेंद में अपना शतक पूरा किया। न्यूजीलैंड को 53 गेंद में 52 रन की जरूरत है।

2026-01-14T20:37

कुलदीप यादव ने तोड़ी साझेदारी

कुलदीप यादव ने विल यंग (87) का विकेट लेकर डैरिल मिचेल के साथ उनकी 162 रन की साझेदारी तोड़ दी है। अगले ओवर में डैरिल मिचेल को भी मोहम्मद सिराज ने चलता कर दिया था लेकिन वह रिव्यू लेकर बच गए। ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर आए हैं।

2026-01-14T20:30

न्यूजीलैंड का स्कोर 200 के पार

न्यूजीलैंड ने 36 ओवरों में 200 रन का आंकड़ा छू लिया है। वह आसानी से लक्ष्य की ओर बढ़ती दिख रही है। डैरिल मिचेल और विल यंग दोनों शतक के करीब हैं। मिचेल का एक कैच छूट चुका है। प्रसिद्ध कृष्णा ने लॉन्ग ऑन की ओर उनका कैच टपकाया। मिचेल उस समय 80 के निजी स्कोर पर थे।

2026-01-14T19:56

मिचेल-यंग ने पलट दिया पासा

डैरिल मिचेल और विल यंग के बीच शतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। दोनों आसानी से रन बटोर रहे हैं। 30 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 149/2 है। कीवी टीम को जीत के लिए आखिरी 20 ओवर में 136 रन बनाने हैं।

2026-01-14T19:50

विल यंग ने भी ठोका पचासा

डैरिल मिचेल के बाद विल यंग ने भी अपना पचासा पूरा कर लिया है। यंग ने 68 गेंद में अर्धशतक जड़ा है। दोनों के बीच की यह साझेदारी अब बेहद खतरनाक बन रही है। भारत को जल्द से जल्द विकेट लेना होगा।

2026-01-14T19:44

डैरिल मिचेल का अर्धशतक

डैरिल मिचेल ने 52 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। विल यंग 65 गेंद में 45 रन बनाकर खेल रहे हैं। न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 126 रन है। उसे जीत के लिए 23 ओवर में 159 रन की जरूरत है।

2026-01-14T19:18

यंग-मिचेल जमे

विल यंग और डैरिल मिचेल ने 36 रन की साझेदारी कर डाली है। 20 ओवर की समाप्ति पर न्यूजीलैंड का स्कोर 82/2 है।

2026-01-14T18:49

न्यूजीलैंड का दूसरा विकेट गिरा

प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद को हेनरी निकोल्स अपने विकेटों पर खेल बैठे हैं। 46 का स्कोर पर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका लगा है। निकोल्स 24 गेंद खेलकर 10 रन ही बना पाए। डैरिल मिचेल ने क्रीज पर कदम रखा है।

2026-01-14T18:32

भारत की कसी हुई गेंदबाजी

हर्षित राणा और मोहम्मद सिराज ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए पावरप्ले में न्यूजीलैंड को 34 रन ही बनाने दिए हैं। दोनों गेंदबाजों ने 5-5 ओवर डाले।

2026-01-14T18:10

हर्षित राणा ने दिलाई पहली सफलता

हर्षित राणा ने न्यूजीलैंड की ओपनिंग जोड़ी तोड़ दी है। उन्होंने कॉनवे का ऑफ स्टंप उखाड़ दिया है। इससे पिछली गेंद पर कॉनवे का विकेट के पीछे मुश्किल कैच छूटा था। कॉनवे 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। विल यंग बैटिंग करने आए हैं।

2026-01-14T18:07

भारत को पहले विकेट की तलाश

न्यूजीलैंड ने सधी हुई शुरुआत करते हुए 5 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 22 रन बना लिए हैं। भारत को पहले विकेट की तलाश है।

2026-01-14T17:45

न्यूजीलैंड की बैटिंग शुरू

न्यूजीलैंड की टीम 285 रन के टारगेट का पीछा करने उतर गई है। डेवोन कॉनवे स्ट्राइक ले रहे हैं। दूसरे छोर पर हेनरी निकोल्स खड़े हैं। कॉनवे-निकोल्स की सलामी जोड़ी ने पिछले मैच में शतकीय साझेदारी की थी। मोहम्मद सिराज के हाथों में नई गेंद है।

2026-01-14T17:41

कुछ ही देर में शुरू होगी न्यूजीलैंड की पारी

न्यूजीलैंड की पारी कुछ ही मिनटों में शुरू होगी। भारतीय टीम को पावरप्ले में कम से कम 2 विकेट चटकाने होंगे।

2026-01-14T17:07

भारत ने खड़ा किया 284/7 का स्कोर

भारत ने पहले बैटिंग का न्योता मिलने पर निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 284 रन का स्कोर खड़ा किया है। केएल राहुल 92 गेंद में 112 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 1 छक्का लगाया। कप्तान शुभमन गिल ने 56 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा (24) और विराट कोहली (23) को शुरुआत मिली लेकिन वे बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। न्यूजीलैंड की ओर से क्रिस्टियन क्लार्क ने 3 विकेट लिए।

2026-01-14T17:01

केएल राहुल ने जड़ा शतक

केएल राहुल ने छक्के से अपने वनडे करियर का आठवां शतक पूरा किया है। उन्होंने महज 87 गेंद में यह शतक ठोका है। 49 ओवर के बाद भारत का स्कोर 7 विकेट के नुकसान पर 272 रन है।

2026-01-14T16:47

नीतीश रेड्डी का विकेट गिरा

नीतीश कुमार रेड्डी 21 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हो गए हैं। 47वें ओवर की दूसरी गेंद पर बाउंड्री पर लपके गए। हर्षित राणा बैटिंग करने आए हैं।

2026-01-14T16:41

5 ओवर का खेल बाकी

45 ओवर के बाद भारत का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 239 रन है। 5 ओवर का खेल बाकी है। क्या केएल राहुल और नीतीश कुमार रेड्डी टीम इंडिया को 300 के करीब पहुंचा पाएंगे? यह बड़ा सवाल है।

2026-01-14T16:21

राहुल ने ठोका पचासा

केएल राहुल ने 40वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वह 51 गेंद में इस मुकाम तक पहुंचे। भारत का स्कोर 199/4 है।

2026-01-14T16:13

भारत की आधी टीम सिमटी

रवींद्र जडेजा ने माइकल ब्रेसवेल को रिटर्न कैच थमा दिया है। 191 के स्कोर पर भारत की आधी पारी सिमट गई है। जडेजा 44 गेंद खेलकर 27 रन ही बना पाए। केएल राहुल 49 गेंद में 46 रन बनाकर खेल रहे हैं। अब क्रीज पर नीतीश कुमार रेड्डी आए हैं।

2026-01-14T15:59

राहुल-जडेजा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

केएल राहुल और रवींद्र जडेजा ने पांचवें विकेट के लिए 70 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। अब रन गति को बढ़ाने की जरूरत है। 35.1 ओवर में स्कोर 169/4 है।

2026-01-14T15:42

पारी संभालने में जुटे राहुल-जडेजा

केएल राहुल और रवींद्र जडेजा 28-28 गेंदों का सामना कर चुके हैं। राहुल 16 पर हैं, जबकि जडेजा 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। 32 ओवर का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 148 रन है।

2026-01-14T15:27

साढ़े 10 ओवर बाद आई बाउंड्री

केएल राहुल ने 27वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर बाउंड्री का सूखा खत्म कर दिया है। साढ़े 10 ओवर बाद यह बाउंड्री आई है।

2026-01-14T15:11

विराट कोहली भी सस्ते में OUT

शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली आउट हो गए हैं। क्रिस्टियन क्लार्क की गेंद को वह अपने विकेटों पर खेल बैठे। भारत का स्कोर 118/4 हो गया है। रवींद्र जडेजा बैटिंग करने आए हैं।

2026-01-14T15:00

भारत का तीसरा विकेट गिरा

श्रेयस अय्यर के रूप में भारत को तीसरा झटका लग गया है। क्रिस्टियन क्लार्क की गेंद पर श्रेयस मिड ऑफ पर कैच दे बैठे। वह 17 गेंद खेलकर 8 रन ही बना पाए। केएल राहुल को नंबर-5 पर भेजा गया है।

2026-01-14T14:41

शुभमन गिल छोटी गेंद पर हुए OUT

भारतीय कप्तान शुभमन गिल अर्धशतक जड़ने के बाद अपना विकेट गंवा बैठे हैं। वह काइल जेमीसन की छोटी गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में मिडविकेट पर कैच थमा बैठे। उन्होंने 53 गेंद में 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 56 रन बनाए। भारत को 99 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा है। 14 रन बनाकर खेल रहे विराट कोहली का साथ देने श्रेयस अय्यर आए हैं।

2026-01-14T14:34

शुभमन गिल ने ठोका अर्धशतक

शुभमन गिल ने कड़ाकेदार चौका जड़कर 47 गेंद में अर्धशतक पूरा कर लिया है। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 87/1 है।

2026-01-14T14:24

रोहित शर्मा पवेलिन लौटे

क्रिस्टियन क्लार्क ने रोहित शर्मा को पवेलियन भेज दिया है। पिछले कुछ समय से रोहित के बल्ले से कोई बाउंड्री नहीं आई थी। उन्होंंने बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवाया। रोहित 38 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। अब विराट कोहली क्रीज पर आए हैं।

2026-01-14T14:10

गिल-रोहित ने खोले हाथ

कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने शुरू में समय लेने के बाद हाथ खोलने शुरू कर दिए हैं। दोनों बल्लेबाजों ने पिछले 4 ओवर में 45 रन बटोर लिए हैं। 9 ओवर की समाप्ति के बाद भारत का स्कोर 55/0 है।

2026-01-14T13:48

पांचवें ओवर में खुला रोहित का खाता

रोहित शर्मा ने आखिरकार पांचवें ओवर में जाकर खाता खोला है। उन्होंने अपनी 11वीं गेंद पर पहला रन बनाया। शुभमन गिल भी खुलकर नहीं खेल पा रहे हैं। 5 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 10 रन है।

2026-01-14T13:43

भारत की धीमी शुरुआत

ओपनिंग करने आए रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने भारत को धीमी शुरुआत दी है। 3 ओवर में भारतीय टीम सिर्फ 2 रन बना पाई है। रोहित शर्मा ने 10 गेंदें खेली लेकिन उनका खाता तीसरे ओवर तक नहीं खुला। शुभमन गिल ने 8 गेंद पर एक रन बनाए और एक रन एक्स्ट्रा का आ गया।

2026-01-14T13:21

एक-एक बदलाव

वॉशिंगटन सुंदर चोट के चलते टीम से बाहर हुए हैं और भारत ने उनकी जगह नीतीश कुमार रेड्डी को खिलाया है। नीतीश रेड्डी ने अभी तक सिर्फ 2 वनडे मैच खेले हैं और कुल 27 रन बनाए हैं। इन दोनों मैचों में उन्होंने गेंदबाजी भी की थी लेकिन उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला था। वहीं, न्यूजीलैंड ने जैडन लेनक्स को अपना पहला वनडे मैच खेलने का मौका दिया है। बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाले जैडेन इसी हाथ से गेंदबाजी भी करते हैं। फर्स्ट क्लास में वह 48 और लिस्ट A में 69 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने फर्स्ट क्लास में 390 रन और लिस्ट ए में 224 रन भी बनाए हैं।

2026-01-14T13:18

टॉस से जीत की उम्मीद?

पहले मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की थी और उसका यह दांव सफल भी हुआ था। इस बार न्यूजीलैंड ने भी टॉस जीता लेकिन उसके कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने गेंदबाजी करने का फैसला लिया।