टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को खराब शॉट सेलेक्शन के चलते टेस्ट टीम उप-कप्तानी गंवानी पड़ी थी। पिछले साल के अंत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में पंत ने परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी नहीं की थी और कई बार गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलकर अपना विकेट गंवाया था। इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से पहले उनसे उप-कप्तानी छीन ली गई थी। हालांकि इसका असर उन पर नहीं पड़ा। अफगानिस्तान के खिलाफ पंत छक्का लगाने के प्रयास में आउट हो गए थे।

 

अब वह इसी तरीके से श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में आउट हो गए हैं। पंत 39 रन बनाने के बाद अपना विकेट फेंककर चलते बने। उन्होंने भारत की पारी के 81वें ओवर की दूसरी गेंद पर बाल-बाल बचे थे। उन्होंने आगे निकलकर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास किया था, जो मिड ऑफ के पास एक बाउंस में पहुंचा। इसके एक गेंद बाद फिर से उन्होंने आगे बढ़कर छक्का लगाना चाहा। मगर गेंद और बल्ले का संपर्क अच्छा नहीं हुआ। गेंद हवा में टंग गई। डीप मिड ऑफ पर खड़े फील्डर ने अपनी दाईं ओर दौड़ लगाई और स्लाइड करते हुए कैच पूरा किया और इस तरह डेब्यूटंट केशरा नुवांथा को पंत का विकेट गिफ्ट में मिल गया।

 

यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप में इंग्लैंड से 32 साल से नहीं जीता भारत, इस बार बदलेगी कहानी?

मैच का क्या है हाल?

भारत ने पहले दिन स्टंप्स तक 2 विकेट के नुकसान पर 288 रन बनाए थे। देवदत्त पडिक्कल 131, जबकि पंत 27 रन बनाकर नाबाद लौटे। बारिश के कारण आज का खेल देरी से शुरू हुआ। पहला सेशन पूरी तरह से बारिश में धुल गया। दूसरे सेशन में खेल शुरू हुआ। पंत से उम्मीद थी कि वह बड़ी पारी खेलेंगे लेकिन वह अपने कल के स्कोर में सिर्फ 12 रन ही जोड़ सके। उनका विकेट 307 के स्कर पर गिरा।

 

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश की ऐतिहासिक जीत के 5 हीरो, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया को घुटनों पर ला दिया

 

पंत के बाद केएल राहुल क्रीज पर उतरे। राहुल मुकाबले के पहले दिन 77 रन के निजी स्कोर पर रिटायर हर्ट होकर मैदान से बाहर गए थे। वह अपनी पारी में महज 5 रन ही जोड़ पाए। वह भी नुवांथा का शिकार बने। पडिक्कल पूरी लय में बल्लेबाजी कर रहे हैं। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज 150 के पार पहुंच चुका है। टीम इंडिया का स्कोर 350 के करीब है। पडिक्कल के साथ ध्रुव जुरेल क्रीज पर हैं।