ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज (26 फरवरी) टीम इंडिया की किस्मत का फैसला होना है। दिन के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की भिड़ंत होगी। इस मैच में साउथ अफ्रीकी टीम की जीत भारत की राह आसान करेगी। वहीं अगर वेस्टइंडीज बाजी मार लेता है तो भारतीय टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें और धूमिल हो जाएंगी।

 

साउथ अफ्रीका-विंडीज मैच के बाद भारत और जिम्बाब्वे की टीमें आमने-सामने होंगी। कैरेबियाई टीम की जीत की स्थिति में टीम इंडिया को जिम्बाब्वे को विशाल अंतर से हराना होगा, तभी उसकी आखिरी मैच तक सांसे चलती रहेंगी। भारत का अंतिम ग्रुप मैच रविवार को वेस्टइंडीज से है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उस मुकाबले में क्या करना होगा, वे सारी चीजें सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड को आज जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में तय करनी होंगी।

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान पर कहर बनकर टूटी न्यूजीलैंड की जीत, श्रीलंका भी बाहर!

दांव पर टीम इंडिया की साख

भारतीय टीम टूर्नामेंट से पहले अजेय नजर आ रही थी। मगर अमेरिका के खिलाफ पहले ही मैच में हुई बैटिंग कोलैप्स ने टीम मैनेजमेंट को अप्रोच में बदलाव करने पर मजबूर कर दिया। टीम इंडिया पावरप्ले में ताबड़तोड़ अंदाज में रन बनाने की कोशिश कर तो रही है लेकिन ओपनर्स के आउट होते ही अचानक बैकफुट पर चली जा रही है। मिडिल ओवर्स में रनों को सूखा पड़ जा रहा है। ग्रुप स्टेज में जैसे-तैसे काम निकल गया लेकिन साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीम ने सुपर-8 मुकाबले में मिडिल ओवर्स की धीमी बल्लेबाजी से उबरने का मौका नहीं दिया। 

 

प्रोटियाज टीम ने 22 फरवरी को अहमदाबाद में भारत को 76 रन से करारी शिकस्त दी। इस हार ने टीम इंडिया को 'करो या मरो' वाली स्थिति में पहुंचा दिया है। भारतीय टीम की साख अब दांव पर है और उसे पुराने माइंडसेट, जैसा पिछले दो साल से खेलती आई है, उस तरह से खेलने की जरूरत है।

 

यह भी पढ़ें: सुधर सकता है इंडिया का नेट रन रेट, जिम्बाब्वे के खिलाफ करने होंगे ये काम

संजू सैमसन को लाने से क्या होगा फायदा?

टीम इंडिया के टॉप-3 में सभी बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और तिलक वर्मा को टॉप-3 में रखने से समस्या ये हो गई है कि विपक्षी टीमें ऑफ स्पिनर के साथ अटैक कर रही हैं और भारतीय टीम को मुश्किल में डाल रही हैं। इससे निपटने के लिए भारतीय टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन को प्लेइंग-XI में वापस ला सकती है। चर्चा है कि तिलक वर्मा या रिंकू सिंह में से कोई एक ड्रॉप होगा।

 

संजू को लाने पर टॉप ऑर्डर में लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन बन तो जाएगा लेकिन यह जीत की गारंटी नहीं है। अगर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव खुद मिडिल ओवर्स में गेम को बेहतर चलाने में नाकाम रहते हैं तो फिर से मुंह की खानी पड़ सकती है। तिलक वर्मा और सूर्या को टी20 वर्ल्ड कप के बीच नए अप्रोच से खेलने के लिए कहा गया है, जो अब तक काम नहीं आया है। ऐसे में टीम इंडिया को संजू को खिलाने के अलावा बैटिंग के दौरान मिडिल ओवर्स को भी कंट्रोल करना होगा, जिससे लोअर मिडिल ऑर्डर पर उतना दबाव नहीं आएगा।   
     
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग-XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह