इंडियन प्रीमिय लीग (IPL) में अब कोई भी टोटल सुरक्षित नहीं रह गया है। मौजूदा सीजन के ओपनिंग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 202 रन के टारगेट को 26 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया था। इसके अगले दिन यानी सीजन के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 221 रन के चेज को 19.1 ओवर में ही पूरा कर लिया। इन दोनों मुकाबलों ने बता दिया कि आगे सीजन में क्या होने वाला है। 

 

पिछले शनिवार (25 अप्रैल) को तो हद ही हो गया। डबल हेडर के पहले मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 265 रन के टारगेट को 18.5 ओवर में ही लांघ दिया, जो IPL ही नहीं टी20 इतिहास का सबसे सफल रन चेज का नया रिकॉर्ड बना। इसके कुछ ही देर बाद जयपुर में SRH ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के विरुद्ध 229 रन के लक्ष्य को 9 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। 

 

IPL 2026 में पिछले दो मुकाबलों (29 अप्रैल तक) की बात करें तो बड़े रन चेज को आसानी से हासिल करने का ट्रेंड जारी है। मंगलवार को RR ने PBKS के खिलाफ 223 रन के टारगेट को 19.2 ओवर में हासिल किया तो बुधवार को SRH ने MI के विरुद्ध 244 रन के बड़े चेज को 18.4 ओवर में ही अंजाम दे दिया।

 

यह भी पढ़ें: खराब बॉलिंग के चलते हारी मुंबई इंडियंस, पंड्या ने दर्शकों को क्यों लपेट लिया?

बड़े रन चेज हो रहे लेकिन रोमांचक मुकाबले कहां हैं?

IPL 2026 में अब तक 10 बार 200 या उससे अधिक रन के टारगेट को हासिल किया जा चुका है, जो किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा 200 प्लस चेज का रिकॉर्ड है। हालांकि हैरत की बात है कि इनमें सो कोई भी मुकाबला आखिरी गेंद तक नहीं गया है। आखिरी गेंद छोड़िए, कोई भी 200 प्लस रन का चेज 19.2 ओवर से आगे नहीं बढ़ पाया है। यह ट्रेंड पिछले सीजन भी देखने को मिला था, जब 9 बार 200 प्लस चेज को अंजाम दिया गया था लेकिन कोई भी चेज 19.3 ओवर से आगे नहीं बढ़ा।

 

एक समय था जब IPL में 200 प्लस टोटल को सुरक्षित माना जाता था। अगर कोई टीम टारगेट के करीब भी पहुंचती थी तो आखिरी गेंद तक फाइट होती थी लेकिन पिछले दो सीजन में हर 200 प्लस चेज को 19.3 ओवर या इससे पहले ही अंजाम दिया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026: बैटिंग में फ्लॉप, फील्डिंग में भी डूबोई लुटिया; नमन धीर पर भड़के फैंस

200 प्लस टारगेट हासिल करना बना बाएं हाथ का खेल

IPL की शुरुआत से 2022 तक यानी पहले 15 एडिशन में सिर्फ 15 बार ही 200 प्लस टारगेट चेज हुए थे। मगर 2023 में इम्पैक्ट प्लेयर नियम आने के बाद से पिछले 4 एडिशन में 33 बार 200 या उससे ज्यादा रन के टारगेट सफलतापूर्वक हासिल किए जा चुके हैं।