रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) से घर में मिली हार का बदला चुकता कर लिया है। आईपीएल 2025 के 46वें मुकाबले में क्रुणाल पंड्या (नाबाद 73) और विराट कोहली (51) के अर्धशतकों की मदद से आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को उसके घर में 6 विकेट से हरा दिया। रविवार (27 अप्रैल) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर DC ने  निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 162 रन का स्कोर खड़ा किया था। आरसीबी ने इस टारगेट को 18.3 ओवर में ही हासिल कर लिया।

 

घर से बाहर आरसीबी की यह लगातार छठी जीत रही। आईपीएल में ऐसा करने वाली वह पहली टीम बनी। इस जीत के साथ वह पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम 10 में से 7 मैच जीतकर 14 पॉइंट्स के साथ एक कदम प्लेऑफ में रख दिए हैं। दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन की तीसरी हार झेलनी पड़ी। वह दूसरे स्थान से खिसककर चौथा नंबर पर आ गई है।

 

यह भी पढ़ें: होम ग्राउंड पर खराब प्रदर्शन के बाद भी ट्रॉफी जीत पाएगी RCB?

 

क्रुणाल पंड्या ने 9 साल बाद आईपीएल में जड़ा अर्धशतक

 

लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की शुरुआत नहीं रही। उसने 4 ओवर में 3 विकेट गंवा दिए। फिल सॉल्ट तबीयत खराब होने के चलते यह मुकाबला नहीं खेल रहे थे। उनकी जगह जैकब बेथेल को आईपीएल डेब्यू करने का मौका मिला। विराट कोहली के साथ ओपनिंग करने आए जैकब बेथेल ने 6 गेंद में 12 रन बनाए। वह अक्षर पटेल का शिकार बने। DC के कप्तान अक्षर ने एक गेंद बाद देवदत्त पडिक्कल का भी विकेट झटक लिया। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे पडिक्कल (0) ऑफ स्टंप से बाहर की गेंद को अपने विकेटों पर खेल बैठे। रजत पाटीदार (6) को करुण नायर ने डारेक्ट थ्रो पर रन आउट कर दिया। 26 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद क्रुणाल पंड्या को प्रमोट करत हुए नंबर 5 पर भेजा गया।

 

क्रुणाल शुरू में संघर्ष करते नजर आए लेकिन दूसरे छोर पर कोहली की मौजूदगी से उन्होंने कोई हड़बड़ी नहीं दिखाई। एक समय 21 गेंद में 17 रन बनाकर खेल रहे क्रुणाल ने 11वें ओवर में दुश्मंता चमीरा को छक्का लगाकर बेड़ियां तोड़ी। इस समय तक जरूरी रन रेट 10 के आस-पास पहुंच गया था। क्रुणाल और आरसीबी के लिए यह छक्का सही समय पर आया। क्रुणाल ने इसके बाद 13वें ओवर में मुकेश कुमार की लगातार दो गेंदों पर दो छक्के जड़े। अगले ओवर में उन्होंने कुलदीप यादव को भी छक्के के लिए भेजा। उन्होंने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर आईपीएल में 2016 सीजन के बाद पहला अर्धशतक जड़ा। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए क्रुणाल ने 38 गेंद ली।

 

यह भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस ने लगाया जीत का पंजा, बुमराह के आगे LSG ने टेके घुटने

 

 

टिम डेविड की धुआंधार फिनिश

 

उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के चलते विराट कोहली आराम से अपनी पारी को आगे बढ़ा रहे थे। क्रुणाल को 54 रन के निजी स्कोर पर एक जीवनदान भी मिला। मिचेल स्टार्क की छोटी गेंद को वह सही से पुल नहीं कर पाए थे लेकिन डीप मिडविकेट पर अभिषेक पोरेल ने आसान कैच टपका दिया। क्रुणाल ने जले पर नमक छिड़कते हुए अगले ओवर में मुकेश कुमार के खिलाफ लगातार दो चौके लगाए। विराट कोहली 45 गेंद में अर्धशतक पूरा करने के बाद चमीरा का शिकार बने। कोहली जब आउट हुए उस समय आरसीबी को 13 गेंद में 18 रन की जरूरत थी। 


कोहली के आउट होने के बाद क्रीज पर आए टिम डेविड ने सिंगल लेकर खाता खोला। आरसीबी को अब 2 ओवर में 17 रन चाहिए थे। अक्षर पटेल ने 19वें ओवर में मिचेल स्टार्क की जगह मुकेश कुमार को गेंद थमाई, जो बेहद खराब फैसला साबित हुआ। टिम डेविड ने पहली गेंद पर छक्का लगाकर मैच से DC को दूर कर दिया। उन्होंने अगली गेंद पर चौका जड़ा। यह गेंद उनके कमर के ऊपर थी, जिसे नो-बॉल करार दिया गया। टिम डेविड ने इसके बाद लगातार दो चौके जड़कर आरसीबी को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया। क्रुणाल पंड्या 47 गेंद में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से यादगार 73 रन की पारी खेलकर नाबाद लौटे। वहीं टिम डेविड ने 5 गेंद में नाबाद 19 रन ठोके। 

 

ट्रिस्टन स्टब्स की मेहनत पर फिरा पानी

 

मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स का भी आगाज शानदार रहा था। ओपनर अभिषेक पोरेल ने 11 गेंद में 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 28 रन ठोके। 33 रन के कुल स्कोर पर उनके आउट होने के बाद DC की पारी पर जैसे ब्रेक लग गया। करुण नायर 4 रन ही बना पाए। फाफ डुप्लेसी (26 गेंद में 22 रन) और केएल राहुल (39 गेंद में 41 रन) ने धीमी पारियां खेलीं। 17 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 120 रन था। ट्रिस्टन स्टब्स ने 18 गेंद में 34 रन बनाकर DC को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया लेकिन उनकी मेहनत बेकार चली गई। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने जबकि जोश हेजलवुड ने 2 विकेट झटके। क्रुणाल पंड्या ने मैच जिताऊ पारी खेलने से पहले एक विकेट भी लिया।