इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गुजरात टाइटंस की एंट्री धमाकेदार रही। अपने डेब्यू सीजन (2022) में ही यह टीम चैंपियन बन गई। इसके अगले साल उन्होंने फाइनल का तक का सफर तय किया। हालांकि हार्दिक पंड्या के जाने के बाद आईपीएल 2024 में गुजरात को संघर्ष करना पड़ा। नए कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। आधे सीजन तक गुजरात का प्रदर्शन मिला-जुला रहा था। उन्होंने 8 में से 4 मैच जीते थे।   

 

मगर इसके बाद आखिरी 6 मैचों में गुजरात की टीम एक ही मैच जीत सकी और पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर फिनिश किया। हार की हैट्रिक लगाने के बाद गुजरात ने चेन्नई सुपर किंग्स को पटखनी देकर वापसी की थी लेकिन उनके अंतिम दो मुकाबले अहमदाबाद और हैदराबाद की बारिश में धुल गए, जिससे उनका सीजन निराशाजनक रूप से समाप्त हुआ।

 

इस बार कितनी तैयार है गुजरात टाइटंस?

 

गुजरात टाइटंस ने मेगा ऑक्शन से पहले कप्तान गिल के अलावा, राशिद खान, साई सुदर्शन, राहुल तेवतिया और शाहरुख खान को रिटेन किया था। उन्होंने मोहम्मद शमी और डेविड मिलर जैसे मैच विनर्स को जाने दिया। गुजरात ने मेगा ऑक्शन में शमी और मिलर की भरपाई की। उन्होंने जोस बटलर (15.75 करोड़), कैगिसो रबाडा (10.75 करोड़), मोहम्मद सिराज (12.25 करोड़) और प्रसिद्ध कृष्णा (9.50 करोड़) पर भारी पैसे खर्च कर अपनी टीम में शामिल किया। 

 

गुजरात ने ईशांत शर्मा और गेराल्ड कोएट्जी को खरीदकर अपनी तेज गेंदबाजी युनिट को मजबूती दी। स्पिन डिपार्टमेंट में राशिद खान का साथ देने के लिए फ्रेंचाइजी ने वॉशिंगटन सुंदर और साई किशोर को जोड़ा। साई किशोर के अलावा गुजरात ने जयंत यादव पर भी फिर से भरोसा जताया है। उनके पास भारतीय और विदेशी ऑलराउंडर्स का अच्छा मिश्रण है।

 

यह भी पढ़ें: लखनऊ सुपर जायंट्स को पहली आईपीएल ट्रॉफी दिलाएंगे ऋषभ पंत?

 

क्या है गुजरात टाइटंस की मजबूती?

 

गुजरात टाइटंस के टॉप ऑर्डर और बैलेंस गेंदबाजी आक्रमण में खिताब जिताने का दम है। शुभमन गिल और जोस बटलर पारी की शुरुआत करते नजर आएंगे। यह जोड़ी किसी भी गेंदबाजी आक्रमण का बखिया उधेड़ सकती है। तीसरे नंबर पर साई सुदर्शन उतरेंगे। इसके बाद फॉर्म में चल रहे महिपाल लोमरोर और ग्लेन फिलिप्स का नंबर हो सकता है। तेज गेंदबाजी की अगुवाई कैगिसो रबाडा करेंगे। उन्हें मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा का साथ मिलेगा। टारगेट डिफेंड करते समय ईशांत, जयंत और साई किशोर में से कोई एक इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आ सकता है।

 

क्या है गुजरात टाइटंस की कमजोरी?

 

गुजरात को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में डेथ ओवर्स में समस्या हो सकती है। उनके पास अच्छे फिनिशर की कमी है। राहुल तेवतिया यह काम बखूबी करते हैं लेकिन पिछले सीजन वह भी उतने सफल नहीं रहे थे। रिटेन खिलाड़ियों में शामिल शाहरुख खान को परफॉर्मेंस देनी होगी तभी टीम की नैया पार लग सकती है। गेंदबाजी में बात करें तो कैगिसो रबाडा भी डेथ में महंगे साबित होते हैं। देखने वाली बात होगी कि शुभमन गिल डेथ ओवर्स में राशिद खान का कितना इस्तेमाल करते हैं। 

 

यह भी पढ़ें: भारतीय बल्लेबाजों के सहारे कमाल करेगी राजस्थान रॉयल्स?

 

 

कब गुजरात टाइटंस का पहला मैच?


आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस का पहला मैच 25 मार्च को पंजाब किंग्स से है। इसके बाद 29 मार्च को गुजरात का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। गुजरात की टीम ये दोनों मैच अपने होम ग्राउंड नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलेगी। ऐसे में उनके पास लय पकड़ने का अच्छा मौका है। 

 

संभावित प्लेइंग-XI:

 

शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर, साई सुदर्शन, महिपाल लोमरोर, ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कैगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज

 

इम्पैक्ट प्लेयर - शाहरुख खान/ईशांत शर्मा
 

गुजरात टाइटंस का फुल स्क्वॉड:

 

शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर, साई सुदर्शन, महिपाल लोमरोर, ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कैगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, शाहरुख खान, ईशांत शर्मा, कुमार कुशाग्र, अनुज रावत, शरफेन रदरफोर्ड, निशांत सिंधु, अरशद खान, साई किशोर, जयंत यादव, करीम जनत, मानव सुथर, गेराल्ड कोएट्जी, गुरनूर सिंह बराड़, कुलवंत खेजरोलिया

 

IPL में गुजरात टाइटंस का सफर

  • 2024 - आठवें स्थान पर
  • 2023 - उप-विजेता
  • 2022 - चैंपियन