आईपीएल 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने पहले 8 में से 7 मैच गंवा दिए थे। आरसीबी को प्लेऑफ की रेस से बाहर माना जाने लगा था लेकिन इसके बाद उन्होंने करिश्माई वापसी की। लगातार 6 मैचों जीत दर्ज कर टीम ने प्लेऑफ में जगह बना ली। आरसीबी ने अपने आखिरी लीग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर नेट रन रेट के मामले में पीछे छोड़ा था। हालांकि उनका सफर अगले ही मैच में थम गया। उन्हें एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स ने हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। 

 

इस बार कितनी तैयार है RCB?

 

आरसीबी ने आईपीएल 2025 के लिए रजत पाटीदार को कप्तान बनाया है। फ्रेंचाइजी ने मेगा ऑक्शन से पहले कप्तान फाफ डुप्लेसी को रिलीज कर दिया था। डुप्लेसी ने आरसीबी की 3 सीजन कमान संभाली थी और दो बार उन्हें प्लेऑफ में पहुंचाया था। इसके अलावा आरसीबी ने मोहम्मद सिराज और ग्लेन मैक्सवेल जैसे खिलाड़ियों पर भी भरोसा नहीं जताया। उन्होंने मेगा ऑक्शन में लियम लविंगस्टोन और भुवनेश्वर कुमार को खरीदकर इस खाई को पाटने का प्रयास किया है। 

 

फ्रेंचाइजी ने लिविंगस्टोन के साथ दो और इंग्लिश खिलाड़ियों फिल सॉल्ट और जैकेब बेथल पर भी दांव लगाया है। सॉल्ट की हालिया फॉर्म कुछ ज्यादा अच्छी नहीं है। वहीं बेथेल चोट से वापसी कर रहे हैं। आरसीबी मैनेजमेंट ने फिनिशिंग और तेज गेंदबाजी को बेहतर करने पर जोर दिया है। उनके पास नंबर 5 और 6 पर लिविंगस्टोन और टिम डेविड के रूप में दो विध्वंसक बल्लेबाज हैं। वहीं तेज गेंदबाजी युनिट की बात करें तो भुवनेश्वर और जोश हेजलवुड की जोड़ी असरदार साबित हो सकती है। इनके अलावा लुंगि एनगिडी और नुवान तुषारा सरीखे पेसर भी टीम में मौजूद हैं।

 

यह भी पढ़ें: ट्रॉफी के साथ धोनी को विदाई देगी चेन्नई सुपर किंग्स

 

क्या है आरसीबी की मजबूती?

 

हमेशा की तरह एक बार फिर आरसीबी की मजबूती बल्लेबाजी ही नजर आती है। विराट कोहली और फिल सॉल्ट पारी की शुरुआत करेंगे। इसके बाद पाटीदार, जितेश शर्मा, लिविंगस्टोन और टिम डेविड आएंगे। ऐसी बल्लेबाजी क्रम किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को धज्जियां उड़ा सकती है। देवदत्त पडिक्कल और स्वास्तिक चिकारा भी मौका मिलने पर अपनी छाप छोड़ सकते हैं। तेज गेंदबाजी में भी आरसीबी के पास इस बार वेरायटी है। भुवनेश्वर, हेजलवुड, एनगिडी और तुषारा के साथ लेफ्ट आर्म पेसर यश दयाल भी हैं। उन्हें फ्रेंचाइजी ने रिटेन किया था। रसिख सलाम डार भी अहम साबित हो सकते हैं।

 

क्या हो सकती है आरसीबी की कमजोर कड़ी?

 

आरसीबी को विकेट चटकाने वाले स्पिनर की कमी खल सकती है। स्पिन डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी क्रुणाल पंड्या के कंधो पर है। क्रुणाल पंड्या रन गति पर लगाम लगा सकते हैं लेकिन वह बड़े विकेट टेकर नहीं हैं। स्वप्निल सिंह ने पिछले सीजन अच्छा किया था लेकिन इस बार उन्हें कितने मौके मिलेंगे, कहना मुश्किल है। सुयश शर्मा ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ अपने आईपीएल करियर की शानदार शुरुआत की थी। हालांकि इसके बाद वह कुछ खास नहीं कर पाए। ऐसे में देखना अहम होगा कि आरसीबी मैनेजमेंट उनमें कितना विश्वास दिखाती है।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2025 से पहले BCCI ने बदला नियम, 4 साल पुराना बैन भी हटाया


उद्घाटन मुकाबला खेलेगी आरसीबी

 

आईपीएल 2025 का पहला मुकाबला आरसीबी और डिफेंडिंग चैंपियन केकेआर के बीच 22 मार्च को खेला जाएगा। टूर्नामेंट के इतिहास का पहला मैच भी इन्हीं दोनों टीमों के बीच खेला गया था, जिसमें केकेआर ने आरसीबी को बुरी तरह से रौंद दिया था। इसके बाद से पहली बार आईपीएल के ओपनिंग मैच में केकेआर और आरसीबी आमने-सामने है। 


संभावित प्लेइंग-XI: 

 

फिल सॉल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा, लियम लिविंगस्टोन, टिम डेविड, मनोज भंडागे, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड

 

इम्पैक्ट प्लेयर - रसिख सलाम डार/स्वास्तिक चिकारा

 

आरसीबी का फुल स्क्वॉड: 

 

रजत पाटीदार (कप्तान), फिल सॉल्ट, विराट कोहली, जितेश शर्मा, लियम लिविंगस्टोन, टिम डेविड, मनोज भंडागे, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, स्वास्तिक चिकारा, देवदत्त पडिक्कल, स्वप्निल सिंह, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बेथेल, नुवान तुषारा, लुंगि एनगिडी, अभिनंदन सिंह, मोहित राठी, यश दयाल


IPL में आरसीबी का सफर

  • 2024 - प्लेऑफ
  • 2023 - छठे स्थान पर
  • 2022 - प्लेऑफ
  • 2021 - प्लेऑफ
  • 2020 - प्लेऑफ
  • 2019 - सबसे निचले स्थान पर
  • 2018 - छठे स्थान पर
  • 2017 - सबसे निचले स्थान पर
  • 2016 - उप-विजेता
  • 2015 - प्लेऑफ
  • 2014 - सातवें स्थान पर
  • 2013 - पांचवें स्थान पर
  • 2012 - पांचवें स्थान पर
  • 2011 - उप-विजेता
  • 2010 - सेमीफाइनल
  • 2009 - उप-विजेता
  • 2008 - सातवें स्थान पर