आईपीएल 2025 में रोहित शर्मा का फ्लॉप शो जारी है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ जीरो पर आउट होने के बाद रोहित गुजरात टाइटंस के सामने भी सस्ते में आउट हो गए। 29 मार्च को अहमदाबाद में 197 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई को अच्छी शुरुआत की दरकार थी, लेकिन पहले ओवर में अपना विकेट गंवा बैठे। सीएसके के खिलाफ भी रोहित पहले ही ओवर में चलते बने थे।

 

सिराज ने किया खामोश

 

रोहित शर्मा ने मोहम्मद सिराज की दूसरी और तीसरी गेंद पर लगातार दो चौके जड़े। ऐसा लगा कि आज उनका बल्ला गरजने वाला है। मगर सिराज ने उन्हें अगली ही गेंद पर खामोश कर दिया। अंदर आती बैक ऑफ लेंथ गेंद पर रोहित चारों खाने चित हो गए और गेंद उनके ऑफ और मिडिल स्टंप की गिल्लयों को ले उड़ी। वह 4 गेंद में 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रोहित ने पिछले मैच में इतनी ही गेंदें खेली थीं।

 

यह भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस के खिलाफ सुनील नारायण खेलेंगे या नहीं? फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट

 

 

450वें मैच में फेल हुए रोहित

 

रोहित शर्मा अपने टी20 करियर का 450वां मैच खेलने उतरे थे। इस मौके को खास नहीं बना पाए। रोहित 450 टी20 मैच खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। उनके बाद सबसे ज्यादा टी20 मैच खेलने के मामले में दूसरे भारतीय खिलाड़ी दिनेश कार्तिक हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने 412 टी20 मुकाबले खेले हैं। रोहित भले ही अपने 450वें टी20 मैच में कमाल नहीं कर पाए लेकिन उन्होंने दो चौके लगाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह आईपीएल में 600 चौके का आंकड़ा पार करने वाले चौथे खिलाड़ी बने।

 

सुदर्शन की फिफ्टी ने गुजरात को बड़े स्कोर तक पहुंचाया

 

टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी गुजरात टाइटंस की सलामी जोड़ी ने 78 रन की साझेदारी की। कप्तान शुभमन गिल 27 गेंद में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 38 रन बनाकर पहले विकेट के रूप में आउट हुए। दूसरे छोर पर साई सुदर्शन डटे रहे और उन्होंने लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ा। 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर आउट होने से पहले सुदर्शन ने 63 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।

 

यह भी पढ़ें: राजस्थान रॉयल्स के कोच ने ऐसा क्या कहा कि सुर्खियों में आ गए रियान पराग?

 

नंबर 3 पर आए जोस बटलर ने 24 गेंद में 39 रन बनाए। शरफेन रदरफोर्ड ने 11 गेंद में 18 रन का उपयोगी योगदान दिया। सुदर्शन की अगुवाई में टॉप ऑर्डर के शानदार प्रदर्शन की बदौलत गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 196 रन का स्कोर खड़ा किया। मुंबई इंडियंस की ओर से कप्तान हार्दिक पंड्या ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।