इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टक्कर हो रही है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में SRH के अभिषेक शर्मा ने 47 गेंद में शतक जड़ दिया है।
अभिषेक का यह लगातार दूसरा पचास प्लस स्कोर है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ पिछले मुकाबले में आतिशी फिफ्टी ठोका था। CSK के खिलाफ 50 का आंकड़ा पार करने के लिए इस बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ने महज 15 गेंद ली थी और अब DC के सामने तूफानी सैकड़ा जमा दिया है।
DC ने की CSK वाली गलती
मुकाबले में DC के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। ट्रेविस हेड और अभिषेक पहले 4 ओवर में सिर्फ 36 रन ही बटोर पाए। अक्षर ने इन दोनों बाएं हाथ के ओपनरों के सामने दूसरा ओवर नीतीश राणा को दिया था। पार्ट-टाइम ऑफ स्पिनर नीतीश राणा ने हेड-अभिषेक को शांत रखा और सिर्फ 6 रन दिए। इसके बाद SRH के सलामी बल्लेबाजों ने मुकेश कुमार और लुंगि एनगिडी को दो-दो चौके जड़े। ऐसे में अक्षर ने पांचवें ओवर में फिर से गेंद नीतीश राणा को सौंपी। अभिषेक ने नीतीश राणा का स्वागत लगातार दो छक्कों के साथ किया तो हेड ने इस ओवर का समापन इसी अंदाज में किया। SRH ने नीतीश राणा के इस ओवर में 20 रन बटोरे और यहीं से उसे मोमेंटम मिल गया।
यह भी पढ़ें: जो आया सब बर्बाद हुए... दिल्ली कैपिटल्स के नंबर-3 बैटिंग पोजिशन को हुआ क्या है?
SRH के खिलाफ CSK ने भी कुछ ऐसी ही गलती की थी। मैथ्यू शॉर्ट ने हेड-अभिषेक के सामने 2 ओवर में सिर्फ 13 रन खर्चे थे। CSK के कप्तान ऋतुराज ने इसके बाद पावरप्ले में शॉर्ट को एक अतिरिक्त ओवर दिया, जिसमें अभिषेक ने 5 गेंद में 24 रन कूट दिए और अपना तूफानी अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने SRH के स्कोर को 4 ओवर में 38 से 5 ओवर में 63 पहुंचा दिया।
DC नीतीश से एक ओवर निकलवा चुकी थी लेकिन उसने पावरप्ले में उन्हें अतिरिक्त ओवर देकर CSK वाली गलती कर बैठी, जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ा। अभिषेक ने उसे CSK की तरह ही सजा दी और बेहतरीन शतक जड़ा। खबर लिखे जाने तक SRH 15 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 183 रन बना चुकी है। अभिषेक 51 गेंद में 115 रन बनाकर खेल रहे हैं। हेड 26 गेंद में 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान ईशान किशन 13 गेंद में 25 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण रूप से रन आउट हुए।
यह भी पढ़ें: हर डिपार्टमेंट का स्पेशलिस्ट गायब, अब क्या ही कर पाएगी CSK!
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
SRH - अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), अनिकेत वर्मा, हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, हर्ष दुबे, साकिब हुसैन
DC - पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, नीतीश राणा, लुंगि एनगिडी, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, टी नटराजन
