इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 ऑक्शन के लिए 350 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इस सूची में 210 भारतीय और 110 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। 15 दिसंबर को अबू धाबी में होने जा रही मिनी नीलामी के लिए 1390 प्लेयर्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन फाइनल लिस्ट में 350 प्लेयर्स को ही शामिल किया गया है। इसमें क्विंटन डीकॉक, दुनिथ वेल्लालगे और जॉर्ज लिंडे की सरप्राइज एंट्री हुई है। इन तीनों खिलाड़ियों का नाम शुरुआती सूची में नहीं था। शार्टलिस्ट प्लेयर्स में बिहार के भी 4 खिलाड़ी शामिल हैं। बिहार के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले ये खिलाड़ी कौन हैं? आइए जानते हैं।

साकिब हुसैन

 

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन IPL ऑक्शन में बिकने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी हैं। उनसे पहले बिहार में जन्मे और बिहार के लिए खेलते हुए किसी खिलाड़ी ने IPL तक का सफर तय नहीं किया था। गोपालगंज के रहने वाले साकिब को IPL 2024 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स ने उनके बेस प्राइस 20 लाख में खरीदा था। हालांकि उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला। साकिब इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के नेट गेंदबाज रह चुके थे। 

 

ऑक्शन से एक दिन पहले 21 साल के होने जा रहे साकिब ने अब तक 6 फर्स्ट क्लास और 12 टी20 मैच खेल चुके हैं। फर्स्ट क्लास में उनके नाम 16 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने पिछले अक्टूबर में रणजी ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मैच में 10 विकेट लेकर बिहार को जीत दिलाई थी। टी20 में साकिब ने 10 विकेट झटके हैं। उन्होंने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में 5 मैचों में 5 विकेट लिए थे।

 

यह भी पढ़ें: कितनी भी चालाकी कर लें कैमरन ग्रीन, मिलेंगे तो 18 करोड़ ही!

बिपिन सौरभ

IPL ऑक्शन में बिपिन सौरभ का नाम नया नहीं है। वह 2024 और 2025 सीजन के लिए हुई नीलामा का भी हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि औरंगाबाद से आने वाले इस विकेटकीपर बल्लेबाज के लिए किसी टीम ने बोली नहीं लगाई। 

 

बिहार के लिए 26 फर्स्ट क्लास, 22 लिस्ट-ए और 30 टी20 मैच खेल चुके बिपिन को इस बार ऑक्शन में बिकने की उम्मीदें होंगी। उन्होंने SMAT 2025 के आखिरी दो मैचों में बेहतरीन पारियां खेली हैं। 26 साल के बिपिन ने हैदराबाद के खिलाफ सातवें नंबर पर आकर 19 गेंद में 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 31 रन ठोके थे। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश के खिलाफ 16 गेंद में नाबाद 26 रन की पारी खेल बिहार को जीत दिलाई थी।

 

यह भी पढ़ें: ग्रीन, पृथ्वी, सरफराज... IPL ऑक्शन में किन खिलाड़ियों पर लगेगी सबसे पहले बोली?

मोहम्मद इजहार

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद इजहार IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के नेट गेंदबाज रह चुके हैं। उन्होंने हाल ही में SMAT में धमाल मचा दिया था। 21 साल के इस युवा तेज गेंदबाज ने छत्तिसगढ़ के खिलाफ डेब्यू करते हुए खाली हाथ रहने के बाद मध्य प्रदेश के खिलाफ 4 विकेट चटका दिए थे। इसके बाद उन्होंने जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र के खिलाफ 2-2 विकेट लिए। इजहार ने SMAT 2025 में 5 खेले और 9 विकेट झटके, जिसमें अब्दुल समद, अर्शीन कुलकर्णी और सुयश प्रभुदेसाई जैसे IPL स्टार्स के विकेट शामिल हैं।

साबिर खान

25 साल के साबिर खान का नाम IPL 2022 के ऑक्शन में भी आ चुका है। इसके बाद उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कैंप में बुलाया गया था। भारतीय अंडर-19 टीम के लिए खेल चुका यह तेज गेंदबाज पिछले IPL सीजन में राजस्थान रॉयल्स के साथ बतौर नेट गेंदबाज जुड़ा था। मोतिहारी के रहने वाले साबिर के पास एक फर्स्ट क्लास और एक लिस्ट-ए मैच का अनुभव है। इसके अलावा 2019 में वह साउथ अफ्रीका अंडर-19 टीम के लिए एक यूथ टेस्ट खेल चुके हैं। साबिर साल 2018 में अंडर-19 एशिया कप में खेले थे। उस समय टीम इंडिया में यशस्वी जायसवाल, प्रभसिमरन सिंह, नेहाल वढेरा, आयुष बदोनी और अनुज रावत भी थे।