इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स अपने बैटिंग ऑर्डर में बड़ा बदलाव करने जा रही है। टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने खुलासा किया है कि आयुष म्हात्रे ओपनिंग नहीं करेंगे। 18 साल के आयुष ने पिछले सीजन CSK के लिए पारी की शुरुआत करते हुए बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 7 मैचों में 188.97 के स्ट्राइक रेट से 240 रन बनाए थे। हालांकि अब उन्हें संजू सैमसन के लिए ओपनिंग स्लॉट से हटना होगा।
CSK ने संजू को राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड किया है। IPL 2026 से पहले मुंबई में हुए में सभी 10 टीमों के कप्तानों के जुटान कार्यक्रम में ऋतुराज ने भी हिस्सा लिया और इस दौरान ओपनिंग स्लॉट को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि वह और संजू पारी का आगाज करेंगे। ऋतुराज ने IPL 2025 में नंबर 3 पर बैटिंग की थी लेकिन यह दांव उतना सफल नहीं रहा था। वह चोटिल होने से पहले 5 मैच में 122 रन ही बना पाए थे।
यह भी पढ़ें: तेज गेंदबाजों की खोज में जुटी KKR ने अब किसे साइन कर लिया?
आयुष कहां बैटिंग करेंगे?
IPL 2025 में CSK आखिरी स्थान पर रही थी। सीजन की शुरुआत में उसके बल्लेबाजों ने काफी निराश किया था। फ्रेंचाइजी ने आखिर में रचिन रवींद्र, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी और विजय शंकर को बाहर कर नए चेहरों को आजमाया, जिसमें आयुष के साथ डेवाल्ड ब्रेविस और उर्विल पटेल ने काफी प्रभावित किया। समझा जा रहा था कि आयुष इस बार भी ओपनिंग करेंगे लेकिन अब उन्हें नंबर-3 पर उतारा जा सकता है। उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी ओपनिंग से हटकर फर्स्ट डाउन आने का फैसला किया था।
CSK के पूर्व दिग्गज रविचंद्रन अश्विन भी मानते हैं कि ऋतुराज और संजू को ही ओपनिंग करना चाहिए। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन के पास अनुभव है। अनुभव का मतलब है क्वालिटी रन बनाना और उसे लंबे समय तक बरकरार रखना। हमें यह नहीं भूलना चाहिए। मैं चाहूंगा कि दोनों ओपनिंग करें और रनों की बरसात करें। दोनों की अलग-अलग खूबियां हैं। एक क्लात्मक अंदाज में खेलता है, वहीं दूसरा जोर से बल्ला चलता है, लिहाजा दोनों ही खूबियां उनमें मौजूद हैं। इसे में इस नजरिए से देखूंगा कि मेरे पास दो अच्छे सलामी बल्लेबाज हैं।'
यह भी पढ़ें: 'प्लेऑफ में पहुंचना काफी नहीं...' LSG के मालिक ने बढ़ाई ऋषभ पंत की टेंशन
CSK की संभावित प्लेइंग-XI: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), खलील अहमद, नूर अहमद, मैट हेनरी/अकील हुसैन
इम्पैक्ट प्लेयर - जेमी ओवरटन/रामकृष्ण घोष
