इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगामी सीजन शनिवार (28 मार्च) से शुरू हो रहा है। इससे पहले 44 साल के महेंद्र सिंह धोनी के चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलने पर बहस छिड़ी हुई है। इस टीम को 5 बार IPL चैंपियन बना चुके धोनी की जगह पर सवाल उठाए जा रहे हैं। धोनी के संन्यास की अटकलें पिछले 5 साल से लगाई जा रही हैं लेकिन हर नए सीजन वह बल्ला लेकर तैयार रहते हैं। IPL 2023 में CSK की खिताबी जीत के बाद लगा कि धोनी अब रिटायर हो जाएंगे लेकिन उन्होंने कहा कि फैंस के प्यार के लिए वह एक और सीजन खेलने की कोशिश करेंगे।

 

धोनी इसके बाद 2024 और 2025 सीजन भी खेल गए लेकिन जिनके लिए उन्होंने खेलने का फैसला किया, उन्हीं फैंस को अब लगने लगा है कि 'थाला' को अलविदा कह देना चाहिए। CSK के होम ग्राउंड चेपॉक में फैंस को धोनी की एंट्री का इंतजार तो रहता है लेकिन अब वे इसके लिए टीम की बलि चढ़ते नहीं देखना चाहते। 

 

IPL 2025 में CSK पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर रही थी। टूर्नामेंट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब CSK ने आखिरी स्थान पर फिनिश किया। साथ ही लगातार दूसरा सीजन रहा, जब टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी। IPL में CSK के साथ यह भी पहली बार हुआ। टीम के लगातार खराब प्रदर्शन से अब फैंस के साथ-साथ धोनी के समर्थक भी यह मानने लगे हैं कि चेपॉक में तमाशा बंद होना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: धोनी, जडेजा, रहाणे... वे 5 बूढ़े खिलाड़ी, जिन पर रहेंगी सबकी निगाहें

नीचे बल्लेबाजी करने पर सवाल

धोनी का इस उम्र में भी खेलने के फैसले से CSK को नुकसान हो रहा है। वह पहले की तरह मैच फिनिश नहीं कर सकते और ना ही कोलैप्स को संभाल सकते हैं। साथ ही वह विकेटों के बीच दौड़ भी नहीं पाते। इससे उन्हें बैटिंग में जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल किया जाता है, जिससे टीम में एक कम बल्लेबाज नजर आता है। पिछले IPL सीजन में उन्हें 9वें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा गया था। अश्विन से भी नीचे उतरने पर उनको और टीम मैनेजमेंट को खूब सुनना पड़ा। 

 

साउथ अफ्रीकी दिग्गज एबी डिविलियर्स ने साफ-साफ कहा है कि अगर धोनी ऊपर बैटिंग करने नहीं आ रहे हैं तो वह गलत कारणों से टीम में में हैं। डीविलियर्स ने हाल ही में जियोहॉटस्टार पर सवाल पूछते हुए कहा, 'हम जानते हैं कि वह बल्ले से प्रभावशाली प्रदर्शन कर सकते हैं लेकिन अगर वह इतने लोअर ऑर्डर में बल्लेबाजी कर रहे हैं और कप्तानी भी नहीं कर रहे हैं, तो ऐसा लगता है कि वह गलत कारणों से अपनी जगह बना रहे हैं। उनके लिए अभी भी जगह है लेकिन उन्हें टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करनी चाहिए। चौथे या पांचवें नंबर पर आना चाहि लेकिन छठे नंबर से नीचे नहीं।'

 

यह भी पढ़ें: न RCB न CSK... IPL के एक सीजन में इस टीम ने लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के

बाकी खिलाड़ियों पर पड़ रहा असर

IPL इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक धोनी के फील्ड पर रहने से ऋतुराज गायकवाड़ को मदद तो मिलती है लेकिन बल्ले से योगदान नहीं देने पर 'थाला' अपने ही फैंस के निशाने पर आ जा रहे हैं। धोनी के खेलने से बाकी प्लेयर्स पर भी असर पड़ रहा है, क्योंकि फैंस उनकी बल्लेबाजी की एक झलक देखने के लिए बाकी बल्लेबाजों के आउट होने की दुआ करते नजर आते हैं।

 

धोनी के साथ लंबे समय तक खेले रायुडू ने पिछले साल कहा था, 'नए खिलाड़ियों के लिए यह काफी डरावना हो सकता है। शोर बहुत ज्यादा होता है। समर्थन जबरदस्त होता है लेकिन जैसे-जैसे आप खेलते जाते हैं, तब आपको एहसास होता है कि वे CSK के फैंस से पहले धोनी के फैंस हैं। हालांकि हम भी धोनी को पसंद करते हैं और वे भी धोनी को पसंद करते हैं और हम उन्हें बल्लेबाजी करते देखना चाहते हैं लेकिन कभी-कभी जब आप बल्लेबाजी करने जाते हैं तो भीड़ में से लोग चिल्लाते हैं... आपको आउट होने के लिए कहते हैं। या वे आपके आउट होने की उम्मीद करते हैं।'

 

धोनी ने पिछले सीजन में 13 पारियों में सिर्फ 135.17 के स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए थे। उनके स्ट्राइक रेट पर इसलिए सवालिया निशान हैं, क्योंकि जहां वह बैटिंग करने आते हैं, वहां स्ट्राइक रेट 200 के ऊपर ही होना चाहिए। धोनी भी इन सब बातों से वाकिफ होंगे। वह अपने फैसलों से चौंकाते रहे हैं। शायद IPL 2026 की शुरुआत में ही वह एक और चौंकाने वाला फैसला ले लें!