इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस (MI) ने पिछले सीजन गजब का कमबैक किया था। IPL 2024 में आखिरी पायदान पर रहने के बाद 2025 सीजन में MI पहले पांच मैचों में एक ही जीत दर्ज कर पाई थी। लग रहा था उसका एक और सीजन खराब जाएगा लेकिन हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली इस टीम ने लगातार 6 मैच जीतकर सबको गलत साबित कर दिया।
MI ने चौथे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया। इसके बाद उसने एलिमिनेटर में गुजरात टाइटंस को हराकर खिताब की ओर कदम बढ़ाया। हालांकि क्वालिफायर 2 में उसका सफर थम गया। पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 203 रन बनाने के बावजूद टीम हार गई। इस बार MI मौका नहीं चूकना चाहेगी।
यह भी पढ़ें: 'KKR ने गलत फैसला लिया', श्रेयस अय्यर को छोड़ने पर अनिल कुंबले ने उठाए सवाल
कितनी तैयार है MI?
पिछले सीजन की शुरुआत में जसप्रीत बुमराह के नहीं होने से MI को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। इस सीजन MI के लिए ऐसी कोई परेशानी की बात नहीं है। बुमराह हाल ही में टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाकर आ रहे हैं और पूरी तरह से लय में हैं। तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या की फॉर्म भी अच्छी है। टी20 वर्ल्ड कप में कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला नहीं चला लेकिन वह IPL में क्या कर सकते हैं, यह हमने पिछले सीजन देखा।
सूर्या पिछले साल रन बनाने के लिए जूझ रहे थे लेकिन जैसे ही IPL शुरू हुआ, वह फॉर्म में आ गए और 16 मैचों में 167.91 के स्ट्राइक रेट से 717 रन ठोक दिए। MI को टॉप ऑर्डर में रोहित शर्मा और क्विंटन डिकॉक का अनुभव मिलेगा। MI के पास रायन रिकलटन भी विकेटकीपर-ओपनर के विकल्प हैं लेकिन देखना होगा कि टीम मैनेजमेंट किसे तरजीह देता है। विल जैक्स पर भी निगाहें रहेंगी कि उनका इस्तेमाल कैसे किया जाता है। जैक्स को MI ने पिछले सीजन टॉप ऑर्डर में खिलाया था। वह इंग्लैंड के लिए टी20 वर्ल्ड कप में लोअर ऑर्डर में भी कारगर साबित हुए थे।
MI की गेंदबाजी डिपार्टमेंट पिछले सीजन की तुलना में इस बार मजबूत नजर आ रही है। तेज गेंदबाजी युनिट पहले की तरह ही है, जिसमें बुमराह के अलावा ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर और खुद कप्तान हार्दिक पंड्या हैं। टीम के स्पिन डिपार्टमेंट में सुधार देखने को मिला है। एएम गजनफर चोटिल होने के चलते पिछले सीजन से बाहर हो गए थे। इस अफगानी स्टार का इस बार उपलब्ध होना MI के लिए बड़ा बूस्ट है। मयंक मार्कंडेय के भी आने से स्पिन डिपार्टमेंट को मजबूती मिली है।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को RR ने क्यों खरीदा? क्रिकेटर ने खुद बताई इनसाइड स्टोरी
कहां फंस सकती है MI?
MI की पूरी टीम लगभग पिछले सीजन वाली ही है। यह फ्रेंचाइजी IPL 2026 मिनी ऑक्शन में सिर्फ 2.75 करोड़ रुपये के साथ उतरी थी। इतनी कम रकम में भी उसने क्विंटन डिकॉक (1 करोड़ रुपये) को खरीद लिया। इससे पहले MI ने शार्दुल ठाकुर, शरफेन रदरफोर्ड और मार्कंडेय को दूसरी टीमों से ट्रेड कर अपने स्क्वॉड में जोड़ा था।
पांच बार की चैंपियन MI का मिडिल और लोअर ऑर्डर बेहद मजबूत है लेकिन उसे रोहित-डिकॉक या रोहित-रिकलटन की जोड़ी से तेज शुरुआत चाहिए होगी। टीम की सलामी जोड़ी पिछले सीजन पावरप्ले में तेजी से रन नहीं जुटा पाई थी। IPL 2026 में इस कमी को सुधारना होगा, नहीं तो छठे खिताब का सपना अधूरा रह सकता है।
कब है MI का पहला मैच?
MI 29 मार्च को अपने अभियान की शुरुआत घर से कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ करेगी। इसके बाद वह 4 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स से अरुण जेटली स्टेडियम में भिड़ेगी। राजस्थान रॉयल्स से 7 अप्रैल को गुवाहाटी में लोहा लेने के बाद वह घर लौटेगी और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से टक्कर लेगी।
संभावित प्लेइंग-XI:
रोहित शर्मा, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, विल जैक्स, एएम गजनफर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह
इम्पैक्ट प्लेयर - रॉबिन मिंज
मुंबई इंडियंस का फुल स्क्वॉड: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, मिचेल सैंटनर, ट्रेंट बोल्ट, विल जैक्स, क्विंटन डिकॉक, रायन रिकलटन, शार्दुल ठाकुर, एएम गजनफर, अश्विनी कुमार, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, मयंक मार्कंडेय, नमन धीर, रघु शर्मा, राज अंगद बावा, रॉबिन मिंज, शरफेन रदरफोर्ड, दानिश मालेवार, अथर्व अंकोलेकर, मयंक रावत, मोहम्मद इजहार
IPL में मुंबई इंडियंस का सफर
- 2025 - प्लेऑफ
- 2024 - सबसे निचले स्थान पर
- 2023 - प्लेऑफ
- 2022 - सबसे निचले स्थान पर
- 2021 - पांचवें स्थान पर
- 2020 - चैंपियन
- 2019 - चैंपियन
- 2018 - पांचवें स्थान पर
- 2017 - चैंपियन
- 2016 - पांचवें स्थान पर
- 2015 - चैंपियन
- 2014 - प्लेऑफ
- 2013 - चैंपियन
- 2012 - प्लेऑफ
- 2011 - प्लेऑफ
- 2010 - उप-विजेता
- 2009 - सातवें स्थान पर
- 2008 - पांचवें स्थान पर
