इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) ने हैरतअंगेज कारनामा कर दिखाया है। PBKS ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में IPL ही नहीं बल्कि टी20 इतिहास के सबसे बड़े रन चेज को अंजाम दे दिया है। शनिवार (25 अप्रैल) को दोपहर के मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने पहले बैटिंग करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 264 रन का स्कोर खड़ा किया। केएल राहुल ने 67 गेंद में 152 रन की आतिशी पारी खेली। इनिंग्स ब्रेक में DC की जीत निश्चित मानी जा रही थी लेकिन PBKS के इरादे कुछ और ही थे। 

 

PBKS के ओपनर्स प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने पहले 6.5 ओवर में 126 रन की साझेदारी की और फिर श्रेयस अय्यर ने दो-दो जीवनदान का फायदा उठाकर एक ओवर पहले ही टीम को जीत दिला दी। PBKS ने 265 रन के टारगेट को 18.5 ओवर में 5 विकेट खोकर आसानी से हासिल किया। इससे पहले सबसे सफल चेज का रिकॉर्ड PBKS के ही नाम था। उसने IPL 2024 में KKR के खिलाफ 262 रन के चेज को 18.4 ओवर में अंजाम दे दिया था।

 

यह भी पढ़ें: IPL मैच में बड़ा हादसा, एनगिडी के सिर में लगी चोट, मैदान में पहुंची एंबुलेंस

प्रभसिमरन-प्रियांश ने पावरप्ले में जोड़े 116 रन

विशाल रन चेज में प्रभसिमरन और प्रियांश ने PBKS को आतिशी शुरुआत दिलाते हुए पावरप्ले में 116 रन जोड़ दिए। इस बीच प्रियांश को कुछ जीवनदान भी मिले। DC के तेज गेंदबाज लुंगि एनगिडी उनका कैच लपकने के प्रयास में चोटिल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। DC ने उनके कन्कशन सबस्टिट्यूट के रूप में विराज निगम को उतारा। हालांकि इसका उसे फायदा नहीं मिला। विपराज 2 ओवर में 24 रन देकर 1 ही विकेट ले पाए।

 

प्रियांश 17 गेंद में 43 रन की पारी खेलकर पहले विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए। उनका विकेट विपक्षी कप्तान अक्षर पटेल ने निकाला। इसके अगले ओवर में कुलदीप यादव ने प्रभसिमरन को चलता कर दिया। प्रभसिमरन ने 26 गेंद में 9 चौके और 5 छक्के उड़ाते हुए 76 रन ठोके। कुलदीप ने अपने अगले ओवर में कूपर कोनोली (17) का शिकार कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया था लेकिन खराब फील्डिंग DC को ले डूबी।

 

करुण नायर ने श्रेयस के दो-दो आसान कैच टपकाए। श्रेयस ने इसका फायदा उठाते हुए 36 गेंद में 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से नाबाद 71 रन की पारी खेल PBKS के अजेय रथ को बरकरार रखा। खराब फॉर्म में चल रहे शशांक सिंह ने 10 गेंद में नाबाद 19 रन बनाए।

 

यह भी पढ़ें: ऐसी सेंचुरी का क्या फायदा... गुजरात टाइटंस की हार का विलेन बने साई सुदर्शन

राहुल-राणा की मेहनत पर फिरा पानी

टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी DC ने तीसरे ही ओवर में पथुम निसांका (11) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद केएल राहुल और नीतीश राणा ने दूसरे विकेट के लिए 220 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। नीतीश 44 गेंद में 91 रन की पारी खेलकर आउट हुए। राहुल ने नाबाद 152 रन बनाकर DC को पहाड़ समान स्कोर तक पहुंचाया लेकिन यह भी नाकाफी साबित हुआ।