इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन से पहले तेज गेंदबाजों की चोट के समस्या से जूझ रही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने सौरभ दुबे को अपनी टीम में शामिल किया है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में KKR से जुड़े हैं। वह आकाश दीप की जगह लेंगे। आकाश दीप पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। आकाश दीप पीठ के निचले हिस्से में लगी चोट से रिकवर हो रहे हैं। ऐसे में वह IPL 2026 में नहीं खेल पाएंगे।
कौन हैं सौरभ दुबे?
28 साल के सौरभ विदर्भ के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने अब तक IPL डेब्यू नहीं किया है। वह IPL 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम का हिस्सा थे लेकिन चोट के चलते सीजन के बीच बाहर हो गए। अब उन्हें दूसरा मौका मिला है। सौरभ पिछले साल दिसंबर में हुई मिनी नीलामी में अनसोल्ड रहे थे। उनकी बेस प्राइस 30 लाख रुपये थी और वे रजिस्टर्ड अवेलेबल प्लेयर पूल (RAPP) में शामिल थे, जिससे उन्हें KKR ने रिप्लेसमेंट प्लेयर के तौर पर चुना।
सौरभ भारतीय इमर्जिंग टीम के लिए खेल चुके हैं। 2019 में उन्होंने ACC इमर्जिंग टीम्स कप में भारत के लिए दो मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 3 विकेट झटके थे। सौरभ गेंद को स्विंग कराने के साथ पिच से अतिरिक्त उछाल हासिल करते हैं।
यह भी पढ़ें: IPL से टकराव पड़ा महंगा, PSL छोड़ रहे विदेशी खिलाड़ी, क्या करेंगे मोहसिन नकवी?
कैसे हैं सौरभ के आंकड़े?
वर्धा में जन्मे सौरभ ने अपने प्रोफेशनल करियर में अब तक 8 लिस्ट-ए और 3 टी20 मुकाबले खेले हैं। उन्होंने लिस्ट-ए में 16 विकेट चटकाए हैं, जबकि टी20 में उनके नाम कोई विकेट दर्ज नहीं है। उन्होंने अपने टी20 करियर के तीनों मैच सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023 के दौरान खेले थे, जहां उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली।
हर्षित के रिप्लेसमेंट का इंतजार
KKR अभी तक हर्षित राणा का रिप्लेसमेंट नहीं ढूढ पाई है। हर्षित भी IPL 2026 से बाहर हो चुके हैं। वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्म-अप मुकाबले में अपना घुटना चोटिल कर बैठे थे। इसके बाद उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ा और वह पूरे सीजन से बाहर हो गए। KKR के अंदर माना जा रहा है कि हर्षित के स्तर का कोई भारतीय विकल्प उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते उनके रिप्लेसमेंट पर कोई फैसला नहीं लिया गया है।
यह भी पढ़ें: रामकृष्ण घोष से विशाल निषाद तक... ये 5 गुमनाम खिलाड़ी IPL 2026 में बनेंगे स्टार
KKR का फुल स्क्वॉड: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, टिम साइफर्ट, तेजस्वी दाहिया, मनीष पांडे, रोवमन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, सार्थक रंजन, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, राहुल त्रिपाठी, दक्ष कामरा, कैमरन ग्रीन, सुनील नारायण, रचिन रवींद्र, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजारबानी, मथीशा पथिराना, प्रशांत सोलंकी, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती
