ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार (31 जनवरी) को पांचवें टी20 मैच में 43 गेंद में 239.53 के स्ट्राइक रेट से 103 रन की विस्फोटक पारी खेली। ईशान ने टी20 इंटरनेशनल में अपनी पहली शतकीय पारी के दौरान 6 चौके और 10 छक्के उड़ाए। ईशान ने अपना शतक महज 42 गेंद में पूरा किया लेकिन गौर करने वाली बात है कि वह एक समय 16 गेंद में 18 रन पर थे। यानी ईशान ने अगले 82 रन बनाने के लिए सिर्फ 26 गेंद ली।
संजू सैमसन के आउट होने के बाद तीसरे ओवर में क्रीज पर उतरे ईशान ने पावरप्ले में 10 गेंद में 13 रन बनाए थे। उन्होंने 8वें ओवर तक सिंगल से काम चलाया। ईशान ने 9वें ओवर में ईश सोढ़ी के खिलाफ छक्का जड़कर बेड़ियां तोड़ी और इसके बाद रुकने का नाम नहीं लिया। उन्होंने 10वां ओवर लेकर आए कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर के खिलाफ पहले चौका और फिर छक्का जमाया।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन का खेल खत्म? टी20 वर्ल्ड कप से पहले लगातार पांचवें मैच में हुए फ्लॉप
सूर्या का तोड़ा रिकॉर्ड
बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान ने 11वें ओवर में काइस जेमीसन की पांचवीं गेंद पर छक्का लगाने के बाद अगले ओवर में ईश सोढ़ी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने पहली गेंद पर चौका लगाकर 28 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद ईशान ने 4, 4, 6, 4 और फिर आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर ओवर में 29 रन (पहली लीगल गेंद वाइड रही थी) बटोर लिए। उन्होंने आगे भी इसी लय को बरकरार रखा और 15वें ओवर में जेमीसन को छक्के के लिए भेज नाइंटीज में पहुंचे।
अगले ओवर में ईशान ने सैंटनर की आखिरी दो गेंदों पर दो छक्के जड़े और 42 गेंद में सनसनीखेज सेंचुरी पूरी कर ली। टी20 इंटरनेशनल में किसी भारतीय बल्लेबाज का यह पांचवां सबसे तेज शतक रहा। ईशान ने सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ राजकोट में 45 गेंद में सैकड़ा लगाया था। ईशान शतक लगाने के बाद अगले ही ओवर में आउट हो गए। हालांकि तब तक उन्होंने अपना काम पूरा कर दिया था।
यह भी पढ़ें: विराट कोहली का इंस्टा अकाउंट फिर एक्टिव, वजह पर अब भी सस्पेंस बरकरार
भारत के लिए सबसे तेज टी20I शतक
- रोहित शर्मा - 35 गेंद, बनाम श्रीलंका, इंदौर, 2023
- अभिषेक शर्मा - 37 गेंद बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े, 2025
- संजू सैमसन - 40 गेंद बनाम बांग्लादेश, हैदराबाद, 2024
- तिलक वर्मा - 41 गेंद बनाम साउथ अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2024
- ईशान किशन - 42 गेंद बनाम न्यूजीलैंड, तिरुवनंतपुरम, 2026
भारत ने खड़ा किया विशाल स्कोर
ईशान की आतिशी शतकीय पारी के अलावा सूर्या ने 30 गेंद में 63 रन ठोके। इससे पहले अभिषेक शर्मा ने 16 गेंद में 30 रन बनाए। अंत में हार्दिक पंड्या ने 17 गेंद में 42 रन उड़ाते हुए टीम इंडिया को 5 विकेट के नुकसान पर 271 रन तक पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 में किसी भी टीम का यह सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं किसी फुल मेंबर टीम के सामने यह पांचवां सबसे बड़ा टोटल रहा।
फुल मेंबर टीम के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर
- इंग्लैंड - 304/2 बनाम साउथ अफ्रीका, मैनचेस्टर, 2025
- भारत - 297/6 बनाम बांग्लादेश, हैदराबाद, 2024
- भारत - 283/1 बनाम साउथ अफ्रीका जोहान्सबर्ग, 2024
- अफगानिस्तान - 278/3 बनाम आयरलैंड, देहरादून, 2019
- भारत - 271/5 बनाम न्यूजीलैंड, तिरुवनंतपुरम, 2026
