द हंड्रेड ऑक्शन 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालकिन काव्या मारन की नई टीम सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को चुनकर सोशल मीडिया पर हंगामा खड़ा कर दिया है। लोग इस बात से नाराज हैं कि एक भारतीय ओनरशिप वाली टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को क्यों खरीदा। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की वजह से पाकिस्तानी खिलाड़ी 2009 के बाद से आईपीएल में नहीं खेले हैं, इसलिए फैंस काव्या मारन और उनकी टीम के इस फैसले की कड़ी आलोचना कर रहे हैं।

 

सनराइजर्स लीड्स ने 27 साल के लेग स्पिनर अबरार अहमद को 1,90,000 पाउंड (करीब 2 करोड़ रुपये से ज्यादा) में अपनी टीम में शामिल किया है। इनके अलावा पाकिस्तान के एक और खिलाड़ी उस्मान तारिक को बर्मिघम फीनिक्स ने 1,40,000 पाउंड में खरीदा। हालांकि, पाकिस्तान के स्टार गेंदबाज हारिस रऊफ को किसी ने नहीं खरीदा और वह अनसोल्ड रहे, जबकि शाहीन शाह अफरीदी ने नीलामी से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था। महिला खिलाड़ियों में फातिमा सना और सादिया इकबाल को भी कोई खरीदार नहीं मिला।

 

यह भी पढ़ें: IND vs NZ Final में क्या बारिश बिगाड़ेगा खेल? जानें मौसम और पिच का पूरा हाल

चुनाव पर क्रिकेट बोर्ड का जवाब

नीलामी से पहले ही यह चर्चा थी कि आईपीएल से जुड़ी टीमें शायद पाकिस्तानी खिलाड़ियों को न खरीदें। लेकिन इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और सभी टीमों ने मिलकर एक बयान जारी किया था। उन्होंने साफ कहा था कि खिलाड़ियों को सिर्फ उनके खेल, काबिलियत और टीम के जरूरत के हिसाब से ही चुना जाएगा। सनराइजर्स लीड्स का यह फैसला भी इसी नीति के तहत लिया गया है।

 

यह भी पढ़ें: कितनी बार IPL सीजन का पहला मैच खेली है RCB, कैसा रहा है ट्रैक रिकॉर्ड?

ऑक्शन की कुछ और खास बातें

इस नीलामी में इंग्लैंड के अनकैप्ड खिलाड़ी जेम्स कोल को लंदन स्पिरिट ने 3,90,000 पाउंड की भारी कीमत पर खरीदा। इसके साथ ही वेल्श फायर ने जो रुट और जॉर्डन कॉक्स की जोड़ी पर कुल 5,40,000 पाउंड खर्च किए। द हंड्रेड का यह नया सीजन 21 जुलाई 2026 से शुरू होने वाला है और यह पूरे चार हफ्ते तक चलेगा।