पांच बार के वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील के खिलाफ करारी हार के बावजूद हेड कोच खालिद जमील ने भारत के प्रदर्शन में कई सकारात्मक पहलू देखे और उम्मीद जताई कि भविष्य में उनकी टीम को ऐसे ही बड़े मुकाबलों में खेलने के अधिक मौके मिलेंगे, जिससे कि टीम बेहतर हो सके। FIFA वर्ल्ड रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज ब्राजील ने शनिवार को कोलकाता में 138वें स्थान की भारतीय टीम को 4-0 से हराया।

 

जमील ने मैच के बाद कहा, 'निश्चित रूप से उनका स्तर बेहद ऊंचा है। उनके कोच भी अच्छे हैं और उनके पास अलग-अलग क्लबों के लिए खेल चुके खिलाड़ी हैं। उनका सामना करना और उन्हें रोकना बहुत मुश्किल है। यह आसान काम नहीं है। ऐसा एक दिन में नहीं होता इसमें समय लगता है। दबाव हर जगह होता है लेकिन हम जितना अधिक खेलेंगे उतना बेहतर होगा।'

 

यह भी पढ़ें: जब घायल कपिल देव ने कंगारुओं का किया शिकार, भारत को दिलाई चमत्कारिक जीत

उरुग्वे संग मैच पर क्या बोले जमील?

उरुग्वे के खिलाफ मंगलवार को होने वाले मुकाबले को लेकर जमील ने कहा, 'अगला मैच भी हमारे लिए बहुत अच्छा है। इसलिए हमें इसी तरह आगे बढ़ना होगा।' ब्राजील 1993 में आधिकारिक FIFA रैंकिंग शुरू होने के बाद भारत का सामना करने वाला अब तक का सबसे ऊंची रैंकिंग वाला प्रतिद्वंद्वी भी है। उसने 1995 में नौवें स्थान पर काबिज रूस और 1998 के जापान को पीछे छोड़ा।  

 

जमील ने भारत के प्रदर्शन पर संतोष जताया लेकिन माना कि टीम को रक्षात्मक रूप से और मजबूत होने की जरूरत है।  उन्होंने कहा, 'महेश और थापा ने रक्षात्मक रूप से बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। मिडफील्ड में भी वे काफी अच्छे थे। विलियम्स, सहल (अब्दुल समद) और मनवीर ने भी अच्छा खेल दिखाया।' जमील ने कहा, 'मनवीर ने आमने-सामने की स्थिति में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। कुल मिलाकर प्रदर्शन काफी अच्छा था, खासकर विलियम्स का। उसने अपना बेस्ट देने की कोशिश की। रक्षात्मक रूप से हमें थोड़ा और मजबूत होना होगा।'

 

यह भी पढ़ें: 'गोल्ड मेडल थाली में सजाकर नहीं मिला,' संजू ने बताया पाकिस्तान से कैसे मिली जीत?

शुरुआती गोल ने बदला रुख - जमील

भारत ने मुकाबले की शुरुआत अच्छी की थी लेकिन 28वें मिनट में ब्राजील के पहला गोल करने के बाद उसकी लय टूट गई। जमील का मानना था कि शुरुआती गोल ने मुकाबले का रुख बदल दिया। भारत के कोच ने हार के लिए गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू को अकेले जिम्मेदार ठहराने से इनकार करते हुए अनुभवी खिलाड़ी का मजबूती से समर्थन किया। जमील ने कहा, 'यह गुरप्रीत की वजह से नहीं हुआ। डिफेंडर खिलाड़ी के करीब नहीं पहुंच पाया और वहां से गेंद भी आगे निकल गई। इसलिए कुल मिलाकर यह सभी की गलती थी।'

 

उरुग्वे के खिलाफ अगले फ्रेंडली मुकाबले में गुरप्रीत के खेलने के बारे में पूछे जाने पर जमील ने अंतिम एकादश की पुष्टि नहीं की लेकिन साफ किया कि यह गोलकीपर उनके प्लान्स का हिस्सा है।  उन्होंने कहा, 'शायद सोम (कुमार) खेले, शायद एल्बिनो (गोम्स), कोई भी खेल सकता है। यह परिस्थितियों पर निर्भर करेगा लेकिन गुरप्रीत निश्चित रूप से वापसी करेगा।'