आईपीएल 2025 में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल ने 12 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। शुभमन गिल ने 38 गेंद में 157.89 के स्ट्राइक रेट से 60 रन ठोक दिए, जिसमें 1 छक्का और 6 चौके शामिल रहे। शुभमन ने अपनी पारी के दौरान दो बड़ी उपलब्धि हासिल की।
शुभमन गिल आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए 2000 रन पूरे करन वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। GT के लिए खेलते हुए शुभमन के नाम 51 मैचों में 2007 रन हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने 13 अर्धशतक और 4 शतक जड़े हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर साई सुदर्शन हैं। सुदर्शन ने 31 मैचों में 1363 रन बनाए हैं।
यह भी पढ़ें: मिचेल मार्श को क्या हुआ, GT के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे मैच?
पोलार्ड को छोड़ा पीछे
शुभमन गिल ने आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में किरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ दिया है। 106 पारियों में उनके 3424 रन हो गए हैं। वहीं मुंबई इंडियंस के लिए फिनिशर की भूमिका में खेलने वाले पोलार्ड ने 171 पारियों में 3424 रन बनाए थे। पोलार्ड को पछाड़कर शुभमन आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में अब 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें: 'किसी और की बराबरी नहीं करना चाहते,' धोनी ने क्यों कहा ऐसा?
शुभमन के आउट होते ही पटरी से उतरी GT की पारी
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने 120 रन की साझेदारी की। शुभमन का विकेट आवेश खान ने चटकाया। अगले ओवर में साई सुदर्शन भी चलते बने। उन्होंने 37 गेंद में 56 रन की पारी खेली। जोस बटलर और शरफेन रदरफोर्ड ने धीमी बल्लेबाजी की। बटलर ने 14 गेंद में 16 रन बनाए, वहीं रदरफोर्ड 19 गेंद में 22 रन ही बना सके, जिसके चलते अच्छी शुरुआत के बावजूद GT 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 180 रन तक ही पहुंच सकी।