केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने साल 2025 के लिए अर्जुन पुरस्कार और द्रोणाचार्य पुरस्कारों का एलान कर दिया है। शतरंज के खिलाड़ी विदित गुजराती और दिव्या देशमुख, कबड्डी खिलाड़ी पूजा और सुरजीत और शूटर अखिल श्योरान समेत कुल 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित करने का एलान किया गया है। फुटबॉल आई अरुमइनायागम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) और कुल 3 कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। दो कोच को लाइफटाइम कैटगरी में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस बार किसी भी खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित नहीं किया गया है।
2024 की ही तरह 2025 में भी क्रिकेट के किसी खिलाड़ी को अर्जुन अवॉर्ड नहीं दिया जा रहा है। इस बार एथलेटिक्स के 3, बैडमिंटन के 2, शतरंज के 2, हॉकी के 2, कबड्डी के 2, मुक्केबाजी, नौकायन, पैरा शूटिंग, पैरा एथलेटिक्स और बधिर निशानेबाजी और शूटिंग के एक-एक खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड दिया जाएगा। भारतीय फुटबॉलर आई अरुमइनायागम अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) को से सम्मानित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप: आयुष शेट्टी ने वर्ल्ड नंबर-1 को हराया, सिंधु भी जीतीं
3 लोगों को द्रोणाचार्य पुरस्कार
इस बार कुल तीन स्पोर्ट्स कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इनमें एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, मुक्केबाजी के कोच छोटेलाल यादव और शूटिंग कोच नेहा चव्हाण का नाम शामिल है। लाइफटाइम कैटगरी में मुक्केबाजी कोच धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती कोच वीरेन्दर कुमार को सम्मानित किया जाएगा।
शतरंज के खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार मिलने पर ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के अध्यक्ष नितिन नारंग ने भी बधाई दी है। उन्होंने अपने X हैंडल पर लिखा है, 'दिव्या देशमुख और विदित गुजराती को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार मिलने की बधाई हो। इनके शानदार प्रदर्शन, भारतीय चेस के प्रति समर्पण और योगदान ने देश को गौरवान्वित किया है।'
यह भी पढ़ें: UP टी20 लीग ने दिए हैं आधा दर्जन IPL खिलाड़ी, विशाल निषाद तक की चमकी किसमत
उन्होंने प्रधानमंत्री और खेलमंत्री को धन्यवाद देते हुए लिखा है, 'भारत के खेल चैंपियंस को हमेशा प्रोत्साहित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को दिल से धन्यवाद। हम भारतीय खेल और हमारे चेस चैंपियंस को लगातार समर्थन देने के लिए माननीय खेलमंत्री मनसुख मांडविया जी के आभारी हैं। इनके (खिलाड़ियों) के माता-पिता को सैल्यूट है कि उन्होंने इतने त्याग किए। साथ ही, भारतीय चेस फैन्स को भी बहुत-बहुत धन्यवाद कि उन्होंने हर दिन हमारे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।'
बता दें कि अर्जुन पुरस्कार और द्रोणाचार्य पुरस्कार को मिलाकर इस बार कुल 23 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
