न्यूजीलैंड ने पांचवें टी20 मैच में भारत को 7 विकेट से हरा दिया है। हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेले गए इस मुकाबले में कीवी टीम ने 192 रन का टारगेट 18 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। भारत को टिम साइफर्ट का कैच छोड़ना भारी पड़ा। इस कीवी ओपनर ने 50 गेंद में 11 चौके और 5 छक्के उड़ाते हुए 93 रन की आतिशी पारी खेल मैच को एकतरफा बना दिया। 

 

साइफर्ट जब 11 रन के निजी स्कोर पर थे, तब अर्शदीप सिंह की गेंद पर नमन धीर ने उनका आसान सा कैच टपका दिया। उस समय न्यूजीलैंड की टीम 3.2 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 17 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी। अगर नमन धीर साइफर्ट का कैच लपक लेते तो शायद मैच का परिणाम कुछ और हो सकता था। भारतीय टीम ने सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया।

 

यह भी पढ़ें: टीम इंडिया ने बनाया छक्कों का महारिकॉर्ड, इस साल कीवियों को सबसे ज्यादा कूटा

ग्लेन फिलिप्स ने फिर भारतीय गेंदबाजों को धोया

प्रचंड फॉर्म में चल रहे ग्लेन फिलिप्स ने एक बार फिर धमाकेदार बल्लेबाजी की। फिलिप्स ने 38 गेंद में 65 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उन्होंने साइफर्ट के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी की, जिससे न्यूजीलैंड की टीम रन चेज में कभी भी पीछे नहीं दिखी।


अर्शदीप सिंह ने अपने पहले ही ओवर में फिन एलेन (2) का विकेट चटकाकर भारत को शुरुआती सफलता दिलाई थी लेकिन साइफर्ट का कैच ड्रॉप होने से इसका कोई फायदा नहीं हुआ। भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर खाली हाथ रहे। उन्होंने 4 ओवर में 41 रन खर्चे। प्रिंस यादव ने 3 ओवर में 35 रन दिए। उन्हें भी कोई सफलता नहीं मिली। वरुण चक्रवर्ती और नीतीश कुमार रेड्डी को 1-1 सफलता मिली।

 

यह भी पढ़ें: एक ही कॉलेज के 4 स्टूडेंट्स ने ऑस्ट्रेलिया को कैसे घुटनों पर ला दिया?

ईशान-श्रेयस की फिफ्टी गई बेकार

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। एडम मिल्ने ने लगातार ओवरों में अभिषेक शर्मा (1) और संजू सैमसन (4) के विकेट लेकर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया। ईशान किशन (61) और कप्तान श्रेयस अय्यर (50) ने अर्धशतकीय पारी खेल टीम को संभाला लेकिन दोनों के आउट होते ही पारी पटरी से उतर गई। तिलक वर्मा 6 रन ही बना सके। नमन धीर (33) और नीतीश कुमार रेड्डी (22) ने टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया लेकिन यह नाकाफी था। एडम मिल्ने ने 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट झटके।