क्रिकेट की दुनिया में जब भी अर्जुन तेंदुलकर का जिक्र होता है, तो उनके पिता सचिन तेंदुलकर का नाम तुरंत जहन में आ जाता है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अर्जुन ने यह साफ किया कि वह सचिन के बेटे होने के दबाव में नहीं जीते, बल्कि अपने जुनून की वजह से क्रिकेट खेलते हैं। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि सचिन के अलावा वह किसे अपना क्रिकेटिंग आइडल मानते हैं, तो उनका जवाब काफी दिलचस्प था।
आपको बता दें कि अर्जुन तेंदुलकर इस IPL 2026 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की जर्सी में नजर आ रहे हैं। इससे पहले वे लगातार तीन सीजन तक मुंबई इंडियंस (MI) का हिस्सा रहे थे, लेकिन वहां उन्हें मैदान पर उतरने के बेहद सीमित मौके मिले। अब नई फ्रेंचाइजी के साथ जुड़कर अर्जुन एक नई शुरुआत की उम्मीद कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: RCB के गेंदबाज ने श्रीलंका बोर्ड को कोर्ट में घसीटा, क्या है पूरा मामला?
सचिन के अलावा कौन है अर्जुन का क्रिकेट आइडल?
शुभंकर मिश्रा के यूट्यूब चैनल पर इंटरव्यू में जब अर्जुन तेंदुलकर से पूछा गया कि अपने पिता के अलावा वे किस क्रिकेटर को अपना आइडल मानते हैं, तो उन्होंने बिना झिझक युवराज सिंह का नाम लिया। अर्जुन ने मुस्कुराते हुए कहा, 'जाहिर है, उनकी बल्लेबाजी के कारण, और क्या!' हालांकि, जब युवराज की गेंदबाजी की बात आई तो अर्जुन ने मजाकिया अंदाज में अंतर साफ करते हुए कहा, 'वह एक स्पिनर थे और मैं एक तेज गेंदबाज हूं।'
अर्जुन तेंदुलकर को IPL में पहला मौका 2021 में मिला था, जब मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। साल 2025 तक वह मुंबई का हिस्सा रहे लेकिन उन्हें प्लेइंग-11 में बहुत कम बार देखा गया। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि मुंबई में उन्हें और मौके मिलने चाहिए थे, तो उन्होंने पूरी ईमानदारी से कहा, 'किसे ऐसा महसूस नहीं होता? कोई भी खिलाड़ी बेंच पर बैठना पसंद नहीं करता। हर कोई मैदान पर उतरकर प्रदर्शन करना चाहता है लेकिन मेरा काम मेहनत करना है ताकि जब मौका मिले तो मैं तैयार रहूं।'
यह भी पढ़ें: टीनएजर मचाएंगे IPL 2026 में तहलका, ये युवा खिलाड़ी बन सकते हैं गेमचेंजर
अर्जुन तेंदुलकर का क्रिकेट करियर
अर्जुन तेंदुलकर को अभी तक भारतीय जर्सी पहनने का मौका नहीं मिला है, हालांकि उन्होंने घरेलू क्रिकेट में काफी मैच खेले हैं। अपने घरेलू करियर में अब तक अर्जुन ने 77 मैच खेले हैं। इन 77 मैचों में उन्होंने 113 विकेट लिए हैं और 1,034 रन बनाए हैं। दूसरी ओर, जब उनके IPL करियर की बात आती है तो उन्होंने 5 मैचों में सिर्फ 3 विकेट लिए हैं।
