भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार, 15 नवंबर को माउंट मॉन्गानुई के बे ओवल में खेला जा रहा है। इस सीरीज में भारत के टॉप-5 बल्लेबाजों का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। रोहित शर्मा , शुभमन गिल , विराट कोहली , श्रेयस अय्यर और केएल राहुल बड़ी पारियां खेलने के लिए जूझते नजर आए हैं। ऐसे में 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप को लेकर फैंस की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।

 

इस सीरीज के बाद भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका में भी खेलना है। वहां की पिचों पर तेज गेंदबाजों को अच्छी उछाल और गति मिलती है। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों के सामने नई चुनौती होगी। खास बात यह है कि इन पांचों बल्लेबाजों का दक्षिण अफ्रीका में अब तक का रिकॉर्ड एक जैसा नहीं रहा है। किसी के लिए वहां रन बनाना मुश्किल रहा है, तो किसी का प्रदर्शन शानदार रहा है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचों बल्लेबाजों का प्रदर्शन

सीरीज के पांचवें मुकाबले से पहले खेले गए चार मैचों में भारत ने दो मुकाबले जीते हैं। तीसरा मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका, जबकि चौथे वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को 244 रन से हराया। इस दौरान भारतीय बल्लेबाजों के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले रहे हैं।

 

बल्लेबाज रन बल्लेबाजी औसत
रोहित शर्मा 30 7.50
शुभमन गिल 37 18.50
विराट कोहली 86 21.50
श्रेयस अय्यर 67 16.75
के एल राहुल 29 -

 

नोट: ध्यान रहे कि शुभमन गिल और के एल राहुल ने केवल 2 मैच खेले हैं।

 

यह भी पढ़ें: 17 साल में टेस्ट डेब्यू, फिर 21 की उम्र में कहां खो गए लक्ष्मण शिवरामकृष्णन?

साउथ अफ्रीका में कैसा रहा है प्रदर्शन

रोहित शर्मा: दक्षिण अफ्रीका में 19.69 का औसत
दक्षिण अफ्रीका में भी रोहित का ODI रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने वहां 13 पारियों में 256 रन बनाए हैं। उनका औसत 19.69 है। वहां उनका सबसे बड़ा स्कोर 115 रन है। दक्षिण अफ्रीका की तेज और उछाल वाली पिचों पर रोहित को शुरुआत में परेशानी हुई है। गेंद में स्विंग और उछाल होने के कारण उनके लिए शुरुआती ओवरों में टिकना चुनौती रहा है।

 

शुभमन गिल: दक्षिण अफ्रीका में भी औसत 25.75
गिल ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 4 ODI मैचों में 103 रन बनाए हैं। उनका औसत 25.75 है। उनका सबसे बड़ा स्कोर 49 रन रहा है। हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि गिल ने दक्षिण अफ्रीका में एक भी ODI मैच नहीं खेला है। इससे साफ है कि गिल को दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में खुद को साबित करना होगा। तेज गेंदबाजों की उछाल और बाहर जाती गेंदों के खिलाफ उन्हें संभलकर खेलना होगा।

 

विराट कोहली: दक्षिण अफ्रीका में सबसे मजबूत रिकॉर्ड
दक्षिण अफ्रीका में कोहली का रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने वहां 20 ODI मैच खेले हैं। इनमें 18 पारियों में 993 रन बनाए हैं। उनका औसत 76.38 है। इस दौरान उन्होंने तीन शतक और छह अर्धशतक लगाए हैं। वह दक्षिण अफ्रीका में भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। ऐसे में टीम को उनसे आगे भी बड़ी पारियों की उम्मीद होगी।

 

श्रेयस अय्यर: दक्षिण अफ्रीका में केवल 25 की औसत 
दक्षिण अफ्रीका में अय्यर ने 6 पारी खेली हैं। जहां उन्होंने 25.66 की औसत से केवल 154 रन बनाए हैं। वहां तेज गेंदबाजों की शॉर्ट गेंद और उछाल उनके लिए चुनौती बन सकती है। न्यूजीलैंड के खिलाफ भी तेज गेंदबाजों ने उन्हें शॉर्ट गेंदों से परेशान किया है। ऐसे में उन्हें अपनी तकनीक और शॉट चयन पर काम करना होगा।

 

केएल राहुल: दक्षिण अफ्रीका में औसत 30
दक्षिण अफ्रीका में राहुल का ODI औसत  30.60 है। राहु ने दक्षिण अफ्रीका में 5 पारियों में केवल 153 रन बनाए हैं। राहुल मिडिल ऑर्डर में टीम को स्थिरता देते हैं। ऐसे में उनसे उम्मीद होगी कि वह मुश्किल हालात में पारी को संभालें और टीम के लिए बड़ी साझेदारी करें।

2027 विश्व कप से पहले बल्लेबाजों को सुधारना होगा प्रदर्शन

2027 वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों के लिए अभी से तैयारी करनी होगी। न्यूजीलैंड सीरीज में टॉप ऑर्डर का प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का विषय है।

 

रोहित और गिल को ओपनिंग में अच्छी शुरुआत देनी होगी। कोहली से मिडिल ऑर्डर में बड़ी पारियों की उम्मीद रहेगी। वहीं, अय्यर और राहुल को भी अपनी भूमिका के मुताबिक रन बनाने होंगे। दक्षिण अफ्रीका में तेज गेंदबाजों की गति और उछाल से निपटना आसान नहीं होगा। इसलिए टीम के इन पांचों बल्लेबाजों के लिए आने वाले मुकाबले काफी अहम रहने वाले हैं।