इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगामी सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है। इससे दो दिन पहले यानी 26 मार्च को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के नए सीजन का आगाज होगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने लगातार दूसरे साल IPL के विंडो में PSL को आयोजित करने का फैसला किया है, जो उसे महंगा पड़ा रहा है। विदेशी खिलाड़ी IPL खेलने के लिए PSL से अपना नाम वापस ले ले रहे हैं।

 

जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजारबानी के बाद अब श्रीलंकाई ऑलराउंडर दसुन शनाका ने PSL के ऊपर IPL को तरजीह दी है। शनाका जल्द ही सैम करन के रिप्लेसमेंट के रूप में राजस्थान रॉयल्स से जुड़ने जा रहे हैं। वह लाहौर कलंदर्स की टीम में थे। उन्होंने IPL का ऑफर मिलते ही PSL फ्रेंचाइजी को बता दिया है कि वह पाकिस्तान नहीं आ रहे हैं। इससे पहले मुजारबानी ने भी ऐसा ही किया था। उन्होंने इस्लामाबाद यूनाइटेड का साथ छोड़ कोलकाता नाइट राइडर्स का दामन थाम लिया था।

 

यह भी पढ़ें: रामकृष्ण घोष से विशाल निषाद तक... ये 5 गुमनाम खिलाड़ी IPL 2026 में बनेंगे स्टार

नकवी ने दी कानूनी कार्रवाई की धमकी

PCB चीफ मोहसिन नकवी ने PSL छोड़कर IPL खेलने आ रहे खिलाड़ियों पर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि IPL के साथ टकराव समस्या नहीं है। नकवी ने रविवार (23 मार्च) को मीडिया से बात करते हुए कहा, 'हम नियमों के अनुसार उन खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। पिछले साल भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था और इस बार भी ऐसा ही होगा। IPL के साथ टकराव कोई समस्या नहीं है, क्योंकि अगर खिलाड़ी वहां जा रहे हैं, तो हमें भी बेहतरीन खिलाड़ी यहां मिल रहे हैं।' 

 

पिछले साल साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश ने PSL से अपना नाम वापस लिया था। वह मुंबई इंडियंस की टीम में इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्हें PCB ने PSL से एक साल के लिए बैन कर दिया था।

 

यह भी पढ़ें: ऑक्शन में सबसे महंगे बिके लेकिन प्रदर्शन कैसा? पिछले 5 IPL की कहानी जानिए

इन खिलाड़ियों ने भी PSL को कहा - NO

मुजारबानी-शनाका के अलावा गुडाकेश मोती, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, ऑटनील बार्टमैन और स्पेंसर जॉनसन जैसे विदेशी खिलाड़ियों ने भी PSL 2026 में नहीं खेलने का फैसला किया है। इन खिलाड़ियों में से अधिकांश ने हवाला दिया है कि वे व्यक्तिगत कारणों से PSL से हट रहे हैं। माना जा रहा है कि ये खिलाड़ी सुरक्षा कारणों के चलते PSL खेलने नहीं आए। 

 

पश्चिम-एशिया में चल रही जंग के कारण पाकिस्तान में उर्जा संकट गहरा गया है। ऐसे में PCB ने PSL को बिना दर्शकों के आयोजित करने का फैसला किया है। सभी मैच सिर्फ दो शहरों कराची और लाहौर में खेले जाएंगे। नकवी ने कहा, ' हम PSL को स्थगित करने का जोखिम नहीं उठा सकते। हमारे पास पूरे साल में दूसरा विंडो नहीं है।'