पाकिस्तान क्रिकेट से बड़ी खबर आ रही है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अपने पूर्व क्रिकेटरों पर कार्रवाई की तैयारी में है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि उसके नियमों का उल्लंघन करने वाले खिलाड़ियों पर 2 साल तक का बैन लग सकता है। दरअसल, हाल ही में कुछ पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर जाम्बिया में आयोजित एशियन लेजेंड्स लीग में खेलते नजर आए थे। इस लीग को जाम्बिया क्रिकेट यूनियन (ZCU) का समर्थन या मंजूरी नहीं थी।

 

PCB के नियमों के अनुसार, अगर पाकिस्तानी क्रिकेटर ICC या होम क्रिकेट बोर्ड की मंजूरी के बिना आयोजित किसी लीग में हिस्सा लेते हैं, तो उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है। पिछले साल इंग्लैंड में वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लेंजेंड्स (WCL) लीग में भारत-पाकिस्तान मैच पर बवाल के बाद PCB ने यह नियम बनाया था। 

 

पूर्व भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ WCL मुकाबले को बायकॉट कर दिया था, जिससे पाकिस्तान की काफी किरकिरी हुई थी। इसके बाद PCB हरकत में आया और नियम बनाया कि अनाधिकृत लीग में खेलने वाले क्रिकेटरों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। इसी नियम के तहत जाम्बिया के लुसाका में एशियन लेजेंड्स लीग में खेलने वाले क्रिकेटरों पर कार्रवाई होने वाली है।

 

यह भी पढ़ें: अजीत अगरकर रहें या वीवीएस लक्ष्मण आएं, कांटों से भरा रहेगा चीफ सेलेक्टर का पद!

किन-किन खिलाड़ियों पर लगेगा बैन?     

PCB ने बयान जारी कर साफ किया है कि एशियन लेजेंड्स जैसे अनाधिकृत टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी, जिसमें मान्यता प्राप्त विदेशी लीग में भाग लेने पर दो साल का बैन शामिल है।

 

यह भी पढ़ें: 4 अलग-अलग स्पिनर्स के साथ श्रीलंका क्यों गई है टीम इंडिया? इनसाइड स्टोरी

 

पाकिस्तानी बोर्ड ने अपने बयान में कहा, 'इसके साथ ही PCB या पाकिस्तान सुपर लीग में दो साल तक क्रिकेट, कोचिंग, सलाहकार, मेंटोर या अन्य पद पर भी काम नहीं कर सकेंगे।'

PCB से जुड़े एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि पाकिस्तान के कई नामचीन खिलाड़ियों के नाम लीग की पाकिस्तान पैंथर्स टीम में थे लेकिन लीग अनाधिकृत होने का पता चलने पर उन्होंने नाम वापिस ले लिए।

 

इनमें मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, वहाब रियाज, सोहेल तनवीर और उमर अकमल शामिल हैं। हालांकि मोहम्मद इरफान, इमरान नजीर, तौफीक उमर, राहत अली, यासिर शाह, जाहिद महमूद, हसन रजा और इबरार हुसैन ने 31 जुलाई को एक मैच खेला है। ऐसे में इन खिलाड़ियों को बैन से गुजरना पड़ सकता है।