1985 में ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ क्रिकेट में अपनी विकेटकीपिंग से दुनिया का मन मोहने वाला एक युवा भारतीय क्रिकेटर रातोंरात स्टार बन गया था। सुनील गावस्कर ने उस टूर्नामेंट में भारत की ऐतिहासिक जीत में उसकी भूमिका को अहम बताया। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया को उसमें भारत का अगला बड़ा विकेटकीपर नजर आने लगा था लेकिन जिस खिलाड़ी के लिए कभी तालियां बजती थीं, वह कुछ ही साल बाद गुमनामी में खो गया। यह कहानी है सदानंद विश्वनाथ की।

 

भारतीय टीम के 'सदा' की विकेट के पीछे फुर्ती और बल्लेबाजों को स्टंप आउट करने की तेजी देखते ही बनती थी। वह मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज से अलग पहचान रखते थे। उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ क्रिकेट में अपने 'ग्लव वर्क' से क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं लेकिन कुछ ही सालों में उनका इंटरनेशनल करियर खत्म हो गया। ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि इतनी शानदार शुरुआत करने वाला खिलाड़ी टीम इंडिया में अपनी जगह बरकरार नहीं रख सका?

 

यह भी पढ़ें: 17 साल में टेस्ट डेब्यू, फिर 21 की उम्र में कहां खो गए लक्ष्मण शिवरामकृष्णन?

रणजी फाइनल में धांसू प्रदर्शन से टीम इंडिया में एंट्री

29 नवंबर 1962 को बेंगलुरु में जन्मे सदानंद विश्वनाथ ने घरेलू क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का परिचय जल्दी दे दिया था। कर्नाटक की ओर से खेलते हुए उन्होंने 1982-83 के रणजी ट्रॉफी फाइनल में मुंबई के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। इस मुकाबले में उन्होंने 92 और 77 रन की पारियां खेलीं, जिससे कर्नाटक ने मुंबई को पहली पारी की बढ़त के आधार पर हराकर पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता।

 

इस बेहतरीन प्रदर्शन ने उन्हें नेशनल लेवल पर पहचान दिलाई। विकेट के पीछे उनकी फुर्ती और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी उन्हें दूसरे विकेटकीपरों से अलग बनाती थी। जनवरी 1985 में उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू का मौका मिला। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ क्रिकेट के लिए भी उनका चयन हुआ। भारतीय टीम में गावस्कर, कपिल देव, रवि शास्त्री और मोहम्मद अजहरुद्दीन जैसे बड़े नाम थे लेकिन सदानंद ने अपनी अलग पहचान बनाने में देर नहीं लगाई।

 

यह भी पढ़ें: डेब्यू टेस्ट में 16 विकेट लेकर रिकॉर्ड बनाया, फिर कहां खो गए नरेंद्र हिरवानी?

मियांदाद की वह यादगार स्टंपिंग

टीम इंडिया ने गावस्कर की कप्तानी में अजेय रहते हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ क्रिकेट का खिताब जीता था। भारत ने फाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को शिकस्त दी थी। इस जीत में सदानंद का योगदान भी खास रहा। विकेट के पीछे उनकी चपलता ने हर किसी को प्रभावित किया। वह गेंद को पकड़ने और बल्लेबाज को स्टंप आउट करने में इतनी तेजी दिखाते थे कि कई बार बल्लेबाज को संभलने का मौका तक नहीं मिलता था।

 

फाइनल में लक्ष्मण शिवरामकृष्णन की गेंद पर उन्होंने पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज जावेद मियांदाद को जिस अंदाज में स्टंप किया, वह आज भी फैंस के जेहन में ताजा है। आगे चलकर गावस्कर ने अपनी किताब 'वन-डे वंडर्स' में जिक्र किया कि भारत की जीत का एक बड़ा कारण विकेट के पीछे सदानंद की मौजूदगी रही।

 

महज 22 साल की उम्र में उन्हें जो लोकप्रियता मिली, वह किसी भी युवा खिलाड़ी का सपना हो सकता है। उसी साल श्रीलंका के खिलाफ कैंडी टेस्ट में उन्होंने 6 कैच पकड़े और भारतीय रिकॉर्ड की बराबरी की। ऐसा लग रहा था कि सैयद किरमानी के बाद भारत को अपना नया भरोसेमंद विकेटकीपर मिल गया है लेकिन सदानंद की जिंदगी में मुश्किलों का दौर शुरू हो चुका था।

 

यह भी पढ़ें: 1968 का ऐतिहासिक डुनेडिन टेस्ट, जब भारत ने विदेशी जमीन पर जीतना सीखा

निजी जिंदगी के झटकों ने तोड़ा हौसला

सदानंद की निजी जिंदगी में ऐसी घटनाएं हुईं, जिनका सीधा असर उनके खेल पर पड़ा। भारतीय टीम में आने से कुछ ही महीनों पहले 1984 में उनके पिता ने आर्थिक परेशानियों के चलते आत्महत्या कर ली थी। इस सदमे से वह उबर भी नहीं पाए थे कि 1985 में उनकी मां की ओपन हार्ट सर्जरी हुई और वह भी नहीं बच सकीं। कम उम्र में माता-पिता दोनों को खोने का दुख उनके लिए बहुत बड़ा था। 

 

इसके बाद उन्हें प्रेम संबंध में भी झटका लगा, जिसने उन्हें भावनात्मक रूप से तोड़ दिया। उधर, उंगली की चोट ने उनकी विकेटकीपिंग को भी प्रभावित किया। मैदान के बाहर की परेशानियां धीरे-धीरे उनके प्रदर्शन में दिखाई देने लगीं। जिस खिलाड़ी को कभी भारतीय क्रिकेट का भविष्य बताया जा रहा था, वह अब खुद को संभालने के लिए संघर्ष कर रहा था।

 

यह भी पढ़ें: जब घायल कपिल देव ने कंगारुओं का किया शिकार, भारत को दिलाई चमत्कारिक जीत

शराब की लत और डिप्रेशन से खेल से हटाया फोकस

सदानंद का 1985 में श्रीलंका दौरे पर बल्ले से प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। उन्होंने इस दौरे पर तीन टेस्ट खेले, जिसमें वह 31 रन ही बना सके। उन्हें विकेट के पीछे सुरक्षित माना जाता था लेकिन कमजोर बल्लेबाजी के चलते वह बाहर कर दिए गए। इस बीच सैयद किरमानी की वापसी हुई और फिर किरण मोरे और चंद्रकांत पंडित जैसे विकेटकीपर्स ने टेस्ट टीम में उनकी वापसी की राह मुश्किल कर दी। 

 

सदानंद कम उम्र में मिली बेतहाशा शोहरत और फिर अचानक आए व्यक्तिगत दुखों के खालीपन को भरने के लिए शराब के आदी हो गए। दिल टूटने के बाद वह डिप्रेशन में चले गए, जिससे उनका खेल पर फोकस करना असंभव हो गया। 

 

जिस कैंडी टेस्ट में उन्होंने कैच लपकने का रिकॉर्ड बनाया, वह इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में उनका आखिरी मैच साबित हुआ। 7 जनवरी 1988 को अहमदाबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने अपना आखिरी वनडे खेला। उनका इंटरनेशनल करियर महज तीन टेस्ट और 22 वनडे तक सिमट गया। टेस्ट में उनके नाम 31 रन और 11 कैच दर्ज रहे। वहीं वनडे में उन्होंने 72 रन बनाने के अलावा 17 कैच और 7 स्टंपिंग की।

 

यह भी पढ़ें: जब हेडिंग्ले में भारत ने तोड़ा अंग्रेजों का घमंड, सचिन-द्रविड़-गागुंली का शतक

अंपायर बनकर क्रिकेट में की वापसी

इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर होने के बाद सदानंद ने कुछ समय गल्फ में नौकरी भी की लेकिन घर से दूर रहने का मन नहीं हुआ और वह बेंगलुरु लौट आए। उन्होंने बैंक की नौकरी फिर से शुरू कर दी। हालांकि क्रिकेट से उनका रिश्ता खत्म नहीं हुआ था। 1995 में उन्होंने बैंक की नौकरी छोड़कर क्रिकेट में नई पारी शुरू करने का फैसला किया। उन्होंने अंपायरिंग की परीक्षा पास की और घरेलू क्रिकेट में अंपायर के रूप में काम करने लगे। इसके अलावा उन्होंने अपनी क्रिकेट अकादमी भी शुरू की। अंपायर के रूप में उन्होंने दो दशक से ज्यादा समय बिताया लेकिन इंटरनेशनल मैच में अंपायरिंग करने का उनका सपना पूरा नहीं हो सका।

सदानंद को क्रिकेट जगत ने भुलाया

सदानंद की कहानी भारतीय क्रिकेट के उन अध्यायों में से है, जिनकी चर्चा बहुत कम होती है। उनके करियर का अंत जितनी जल्दी हुआ, उतनी ही जल्दी लोग उन्हें भूल भी गए। उनमें कूट-कूटकर प्रतिभा भरी थी लेकिन जिंदगी के मैदान पर उन्हें ऐसे झटके मिले, जिनसे उबरना आसान नहीं था और वह धीरे-धीरे गुमनामी में चले गए।