शाकिब अल हसन ने इस साल की शुरुआत में भारत में हुए टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश के बाहर रहने को एक 'बड़ी गलती' करार किया और उम्मीद जताई है कि अगर दोनों टीम कुछ सीरीज खेलती हैं तो उनके बीच क्रिकेट के रिश्ते बेहतर हो सकते हैं। बांग्लादेश ने अपने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL टीम कोलकाता नाइट राइडर्स से बाहर किए जाने के बाद टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत का दौरा नहीं किया था जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका ने मिलकर की थी। इसके बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। 

 

शाकिब ने EUT20 बेल्जियम की जर्सी लांच के मौके पर बुधवार को पत्रकारों से कहा, 'मुझे लगता है कि यह एक बड़ा नुकसान था।' उन्होंने कहा, 'बांग्लादेश क्रिकेट के लिहाज से यह एक बहुत बड़ी चूक थी, क्योंकि एक देश के तौर पर हमें अपने खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप में खेलते हुए और उन मैचों में हिस्सा लेते हुए देखना बहुत पसंद है।' 

 

उन्होंने कहा, 'हमारा देश क्रिकेट को पसंद करता है। बांग्लादेश जैसे देश का वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेना एक बहुत बड़ी चूक थी। सरकार की तरफ से यह एक बड़ी गलती थी कि उन्होंने टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया।'

 

यह भी पढ़ें: रियान पराग पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में BCCI, वेपिंग मामले में किया जवाब तलब

एक-दो सीरीज से सुधरेंगे रिश्ते

इस बड़े टूर्नामेंट के लिए भारत का दौरा नहीं करने के बांग्लादेश के फैसले का दोनों पड़ोसी देशों के आपसी रिश्तों पर लंबे समय तक असर पड़ सकता है लेकिन शाकिब ने उम्मीद जताई कि एक या दो सीरीज खेलने से 'दोनों देशों के बीच की कड़वाहट दूर हो सकती है'।

 

उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि हालात बेहतर होंगे।' शाकिब ने कहा, 'जाहिर है, इसके लिए कोशिशें करनी होंगी। मुझे लगता है कि अगर एक या दो सीरीज खेली जाती हैं (चाहे बांग्लादेश भारत का दौरा करे या भारत बांग्लादेश जाए) तो मुझे लगता है कि दोनों देशों के बीच की कड़वाहट दूर हो जाएगी और हालात बेहतर होंगे। मैंने सुना है कि अगस्त या सितंबर में एक सीरीज हो रही है।'

 

यह भी पढ़ें: RCB ने जिस पिच पर बनाए 240, उसी पिच पर SRH से भिड़ेगी MI, आज फिर बरसेंगे रन?

बांग्लादेश के लिए एक आखिरी मैच खेलना चाहते हैं शाकिब

शेख हसीना की नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता से हटने के बाद से सुरक्षा कारणों और अपने खिलाफ चल रहे कानूनी मामलों की वजह से अवामी लीग के सांसद शाकिब बांग्लादेश नहीं लौटे हैं। हालांकि बांग्लादेश के इस महान खिलाड़ी को उम्मीद है कि क्रिकेट से संन्यास लेने से पहले वह अपने देश के लिए एक आखिरी मैच जरूर खेलेंगे। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपने करियर का आखिरी मैच खेलना चाहेंगे तो बांग्लादेश के लिए 71 टेस्ट, 247 वनडे और 129 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले इस खिलाड़ी ने कहा, 'यह तो बाद में देखा जाएगा।' 

 

उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि चीजें बेहतर होने लगेंगी। समय के साथ सब कुछ ठीक हो जाता है इसलिए मुझे उम्मीद है कि मुझे वह मिल जाएगा जो मैं चाहता हूं।'

50 साल तक रहेगा टीम इंडिया का दबदबा 

शाकिब ने कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए IPL के 9 सीजन खेले हैं। शाकिब ने भारतीय क्रिकेट की मजबूती की तारीफ की जो उसके घरेलू ढांचे और IPL की वजह से है लेकिन साथ ही यह भी कहा कि टी20 क्रिकेट के आकर्षण की वजह से टीम इंडिया को टेस्ट क्रिकेट में संघर्ष करना पड़ सकता है।  

 

उन्होंने कहा, 'इस समय भारतीय क्रिकेट में खिलाड़ियों की जो पाइपलाइन है, मुझे लगता है कि अगले कम से कम 50 साल तक इसमें कोई दिक्कत नहीं आएगी। उनके पास जो टूर्नामेंट्स हैं, उनकी वजह से वे लगातार नए खिलाड़ी तैयार करते रहेंगे।' शाकिब ने कहा, 'हो सकता है कि उन्हें टेस्ट मैचों में संघर्ष करना पड़े, क्योंकि हर कोई IPL खेलना चाहता है। लेकिन वे IPL और अपने घरेलू ढांचे की मदद से लगातार बेहतरीन खिलाड़ी तैयार करते रहेंगे।'