भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे टेस्ट में शुभमन गिल ने ऐसा कैच लपका है, जिसने वर्ल्ड क्रिकेट को स्तब्ध कर दिया है। भारतीय कप्तान ने एक्स्ट्रा कवर पर चीते जैसी छलांग लगाकर गेंद के जमीन छूने से पहले कैच लपक कामिंदु मेंडिस की पारी खत्म की। श्रीलंकाई बल्लेबाज मेंडिस को यकीन नहीं हो रहा था कि वह आउट हो चुके हैं। 

 

कुलदीप यादव की गेंद पर मेंडिस आगे बढ़कर शॉट खेलने का प्रयास कर रहे थे लेकिन वह गेंद तक नहीं पहुंच पाए। मेंडिस ने गेंद को हवा में पुश किया। एक्स्ट्रा कवर पर खड़े गिल ने अपनी बाई ओर छलांग लगाई और जमीन से कुछ ही इंच ऊपर गेंद को लपक लिया। कैच लेते समय गिल का शरीर लगभग जमीन के समानांतर हो गया था लेकिन उन्होंने गेंद को अपने हाथ से छिटकने नहीं दिया। गिल के इस अद्भुत कैच का शिकार बनने पर मेंडिस खुद को अनलकी महसूस कर रहे थे। वह मायूस होकर पवेलियन लौटे।

 

यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय मेंस टीम का विजयी आगाज लेकिन टेंशन किस बात की है?

श्रीलंका की पारी बिखरी

भारतीय टीम अपने कल के स्कोर (460/9) को आगे बढ़ाते हुए 462 पर सिमटी। श्रीलंका ने आज भारत का आखिरी विकेट चटकाने के लिए 4 गेंद ही लगाए। इसके बाद उसकी बल्लेबाजी शुरु हुई। मोहम्मद सिराज ने दूसरी ही गेंद पर उसके ओपनर निशान मदुष्का (0) को स्लिप में देवदत्त पडिक्कल के हाथों लपकवा दिया। इसके बाद मानव सुथार ने मैच की अपनी पहली ही गेंद पर दिनेश चांदीमल (4) का विकेट चटकाकर श्रीलंका की मुश्किलें बढ़ा दी।

 

यह भी पढ़ें: देवदत्त पडिक्कल ने रचा इतिहास, द्रविड़-पुजारा के क्लब में ली एंट्री

 

श्रीलंकाई टीम इन झटकों से उबरी भी नहीं थी कि लाहिरू उडारा (27) सुथार की एक साधारण गेंद को सीधे बैकवर्ड पॉइंट के हाथों में खेल बैठे। अब श्रीलंका को मेंडिस और कप्तान धनंजय डी सिल्वा से उम्मीदें थीं। यह उसकी सबसे भरोसेमंद जोड़ी थी। गिल ने अपनी असाधारण फील्डिंग की बदौलत इस जोड़ी को जल्द ही तोड़ दिया, जिससे मैच पर भारत ने शिकंजा कस लिया है। मुकाबले के तीसरे दिन (17 अगस्त) लंच तक श्रीलंका का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 99 रन है। मेजबान टीम भारत के स्कोर से 363 रन से पिछड़ रही है।