सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) के तीसरे राउंड में बुधवार, 18 नवंबर को कुल 19 मुकाबले खेले गए। कई मैचों में बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए, तो कुछ मुकाबलों में गेंदबाजों ने कमाल किया। टूर्नामेंट में अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर बिहार ने किया। जहां बिहार ने दिल्ली को करारी मात दी। वहीं राजस्थान, बंगाल, पंजाब, महाराष्ट्र और मुंबई ने भी जीत दर्ज की। इस राउंड में यश ढुल, अभिजीत तोमर और विकल्प तिवारी जैसे बल्लेबाजों ने बड़ी पारियां खेलीं। चौथे राउंड के मैच 20 नवंबर को खेले जाएंगे।

 

बंगाल ने झारखंड को 7 विकेट से हराया। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने 48 गेंदों पर नाबाद 61 रन बनाए। अभिषेक पोरेल ने 49 रन की पारी खेली। झारखंड ने 147 रन बनाए थे। बंगाल ने 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: 2018 के बॉल टैंपरिंग कांड की फिर होगी जांच, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बड़ा फैसला

 

राजस्थान ने चंडीगढ़ के 193 रन के जवाब में 17.2 ओवर में 3 विकेट पर 194 रन बना लिए। अभिजीत तोमर ने 42 गेंदों पर 80 रन बनाए। कार्तिक शर्मा 38 रन बनाकर नाबाद रहे। बड़ौदा ने यूपी को 92 रन पर समेटा। अतित शेठ ने 3 विकेट लिए। बड़ौदा ने 9.1 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। कर्नाटक ने मिजोरम को 7 विकेट से हराया। चिन्मय सुतार के 71 रन के बावजूद मिजोरम 129 रन ही बना सका। मनवंत कुमार ने 5 विकेट लिए। करुण नायर ने नाबाद 61 रन बनाकर कर्नाटक को जीत दिलाई।

ग्रुप B: बिहार ने दिल्ली को हराया

दिल्ली ने यश ढुल के 59 गेंदों पर 125 रन की मदद से 224 रन बनाए। लेकिन बिहार ने 19.5 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आयुष लोहारुका ने 50 और बिपिन सौरभ ने 49 रन बनाए।

 

पंजाब ने रेलवे को 8 विकेट से हराया। अनमोलप्रीत सिंह ने 40 गेंदों पर 78 और उदय सहारण ने 32 गेंदों पर 73 रन बनाए। हरियाणा ने तमिलनाडु को 7 विकेट से हराया। युजवेंद्र चहल और निशांत सिंधु ने 3-3 विकेट लिए। सिंधु ने नाबाद 37 रन भी बनाए। सौराष्ट्र ने जम्मू-कश्मीर को 43 रन से हराया। अब्दुल समद ने 74 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2027 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को, जानें समय और वेन्यू की पूरी जानकारी

ग्रुप C और ग्रुप D में किसने मारी बाजी?

आंध्र ने केरल को 29 रन से हराया। सीरम राहुल ने 30 गेंदों पर 64 और शेख रशीद ने 39 गेंदों पर 60 रन बनाए। केरल के अब्दुल बासिथ ने नाबाद 70 रन बनाए। महाराष्ट्र ने हिमाचल प्रदेश को आखिरी गेंद पर 2 विकेट से हराया। पुडुचेरी ने असम को 61 रन से मात दी। अमन खान ने 32 गेंदों पर 55 रन बनाए। मध्य प्रदेश ने त्रिपुरा को 7 विकेट से हराया। शिवांग कुमार ने 34 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए। कुमार कार्तिकेय ने 3 विकेट लिए।

 

छत्तीसगढ़ ने ओडिशा को 51 रन से हराया। कप्तान विकल्प तिवारी ने 56 गेंदों पर 119 रन बनाए। विदर्भ ने हैदराबाद को 3 विकेट से हराया। अथर्व तायडे ने 45 गेंदों पर 82 रन बनाए। मुंबई ने गोवा को 18 रन से मात दी। मुशीर खान ने 44 और सैराज पाटिल ने 40 रन बनाए। पाटिल ने गेंदबाजी में भी 3 विकेट लिए। उत्तराखंड ने गुजरात को 10 रन से हराया। कुणाल चंदेला ने नाबाद 72 रन बनाए।

प्लेट ग्रुप: नागालैंड, मेघालय और सर्विसेज जीते

नागालैंड ने सिक्किम को 7 रन से हराया। रोंगसेन जोनाथन ने 65 रन बनाए। अनिल गुप्ता ने 3 विकेट लिए। मेघालय ने मणिपुर को 6 विकेट से हराया। जोसिया मोमिन ने 4 विकेट लिए, जबकि चेंगकाम संगमा ने नाबाद 59 रन बनाए। सर्विसेज ने अरुणाचल प्रदेश को 53 रन से मात दी। सूरज वशिष्ठ ने 48 गेंदों पर 73 रन की पारी खेली।