भारतीय टीम से बाहर चल रहे सूर्यकुमार यादव ने आगामी रणजी सीजन में मुंबई के लिए खेलने की इच्छा जताई थी लेकिन चंडीगढ़ के खिलाफ होने वाले शुरुआती मुकाबले के लिए उन्हें नहीं चुना गया है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के एक सूत्र का कहना है कि प्री-सीजन कैंप से लगातार अनुपस्थित रहना उनके टीम से बाहर होने की प्रमुख वजह है। MCA सूत्र ने मंगलवार को न्यूज एजेंसी PTI से बताया कि टीम के ऐलान से पहले आयोजित प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा नहीं लिया था। 

 

मुंबई के रेड बॉल क्रिकेटर पिछले एक महीने से अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को भी क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया और MCA के BKC मैदान में उनका अभ्यास जारी रहा। सूत्र ने कहा, 'आखिर यह एक टीम खेल है। उनके पास पिछले कुछ समय में रेड बॉल क्रिकेट का अनुभव नहीं है और सूर्यकुमार को लेकर सभी एकमत थे।'सूत्र ने कहा कि सूर्या को रखने पर किसी युवा खिलाड़ी को बाहर करना पड़ता, जो उचित नहीं है।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच बने सौरव गांगुली, IPL 2027 से पहले बदानी की छुट्टी

सूर्या ने पहले ना फिर कहा हां

PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 10 दिन पहले जब मुंबई टीम के सेलेक्शन के लिए सूर्या से संपर्क किया गया था तब भी उन्होंने जवाब नहीं दिया था और बाद में उन्होंने खुद को उपलब्ध बताया। हालांकि रेड बॉल के क्रिकेट में अनुभव की कमी और 42 बार की रणजी ट्रॉफी चैंपियन मुंबई के प्री-सीजन कैंप में हिस्सा नहीं लेने के कारण उन्हें 11 से 14 अक्टूबर तक वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए 16 सदस्यीय टीम में नहीं रखा गया। सूर्या के लिए मुंबई टीम में वापसी के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं।

व्हाइट बॉल क्रिकेट में सूर्या का मिलेगा मौका?

IPL के तुरंत बाद वह टी20 मुंबई लीग में खेलते नजर आए थे। उन्हें दावेदारी में लौटने के लिए MCA की ओर से आयोजित क्लब क्रिकेट प्रतियोगिताओं जैसे पुलिस शील्ड या पुरुषोत्तम शील्ड टूर्नामेंट में खेलना होगा। हालांकि व्हाइट बॉल के क्रिकेट में सूर्या की दावेदारी को लेकर सस्पेंस बरकरार है। मुंबई के सेलेक्टर्स ने 36 वर्षीय सूर्यकुमार को बताया है कि 2026-27 सीजन में होने वाले आगामी घरेलू टूर्नामेंट के लिए उनके नाम पर विचार किया जाएगा। इस साल की शुरुआत में भारत को अपनी कप्तानी में तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार मुंबई की कप्तानी के दावेदार हैं लेकिन उन्हें यह जिम्मेदारी तभी मिलेगी जब श्रेयस अय्यर उपलब्ध नहीं होंगे।  

 

यह भी पढ़ें: Hong Kong Sixes: कब है मुकाबला, कहां खेला जाएगा, किसे मिला मौका? हर सवाल का जवाब


इस बीच मुंबई के पूर्व कप्तान शार्दुल ठाकुर ट्रेनिंग के दौरान हाथ में चोट लगने के कारण कम से कम एक महीने के लिए बाहर हो गए हैं और रणजी ट्रॉफी के कुछ मुकाबले नहीं खेल पाएंगे। सिद्धेश लाड के इस सीजन में मुंबई की अगुवाई करने की संभावना है। रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले के लिए मुंबई की टीम में यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान के अलावा शम्स मुलानी और तुषार देशपांडे भी शामिल हैं। ये खिलाड़ी हाल में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अनऑफिशिल टेस्ट सीरीज में इंडिया-ए की 1-0 से जीत का हिस्सा थे।