भारत और जापान की पुरुष क्रिकेट टीमें मंगलवार, 22 सितंबर को पहली बार टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी। दोनों देशों की सीनियर पुरुष टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला जापान में खेला जाएगा। यह मैच एशियन गेम्स 2026 की तैयारियों के लिहाज से दोनों टीमों के लिए अहम माना जा रहा है।

 

भारत और जापान के बीच यह एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मुकाबला सुजुकी कप के तहत खेला जाएगा। भारतीय टीम इस मैच के जरिए अपनी तैयारियों को परखना चाहेगी, जबकि जापान को मजबूत भारतीय टीम के खिलाफ खेलने का अनुभव मिलेगा। मुकाबले को लेकर जापान के क्रिकेट फैंस में भी खास उत्साह है।

 

यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड जीतेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम? श्रीलंका से है टक्कर

कब और कहां होगा भारत बनाम जापान मुकाबला?

भारत और जापान के बीच मैच 22 सितंबर 2026 को जापान के तोचिगी प्रीफेक्चर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट मैदान में खेला जाएगा। भारतीय समय के मुताबिक मुकाबला सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। इससे पहले सुबह 9 बजे टॉस होगा।

टीवी और मोबाइल पर ऐसे देख सकेंगे मैच

भारत में इस मुकाबले का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर किया जाएगा। वहीं मोबाइल, लैपटॉप या अन्य डिवाइस पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। यानी दर्शक अपनी सुविधा के मुताबिक टीवी या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भारत बनाम जापान की पहली टी20 भिड़ंत देख सकेंगे।

 

यह भी पढ़ें: किंग्सटन टेस्ट: जब भारतीय खिलाड़ियों के खून से लाल हो गई सबीना पार्क की पिच

IND vs JPN की संभावित प्लेइंग-11

  • भारत: ईशान किशन, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा , वॉशिंगटन सुंदर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह।
  • जापान: वातारू मियाउची, लचलान यामामोटो-लेक, केंडल फ्लेमिंग (कप्तान), बेंजामिन इटो, इब्राहिम ताकाहाशी, एलेस्टर फ्लेमिंग, डेक्लान सुजुकी, रियो सकुरानो, माकोटो तानियामा, कोहेई कुबोटा और चार्ली हारा-हिंजे।