इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 खत्म होने के बाद अब भारतीय खिलाड़ी नेशनल टीम की जर्सी में दिखने वाले हैं। टीम इंडिया 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलने उतरेगी। इसके बाद दोनों टीमें वनडे सीरीज में टकराएंगी। यह सीरीज होने से पहले टीम इंडिया को करारा झटका लगा है। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, विराट कोहली वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं।
कोहली को अचानक क्या हुआ?
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दिग्गज बल्लेबाज कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। BCCI के एक सूत्र ने PTI से बताया, 'कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं।' कोहली रविवार (31 मई) को IPL फाइनल के दौरान परेशान नजर आए थे। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के रन चेज में 18 ओवर तक बैटिंग की थी। इस बीच वह मैदान पर ही ट्रीटमेंट लेते दिखे। अब उनके अफगानिस्तान सीरीज से बाहर होने की खबर आ रही है।
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से क्यों हटा रहा है BCCI?
रोहित की फिटनेस भी पर भी संदेह
कोहली सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही टीम इंडिया की जर्सी में नजर आते हैं। उनके बाहर होने से आगामी वनडे सीरीज की चमक फीकी पड़ गई है। अब यह देखना बाकी है कि रोहित शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी सीरीज के लिए उपलब्ध रहते हैं या नहीं। वह भी कोहली की तरह अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही भारत की तरफ से खेलते हैं। IPL के दौरान रोहित की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था और उन्हें कुछ मैचों से बाहर रहना पड़ा था। उन्हें फिटनेस के आधार पर ही टीम में शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 में बेंच पर ही बैठे रह गए ये 4 करोड़पति खिलाड़ी, RCB का प्लेयर भी शामिल
कोहली और रोहित दोनों ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद से ही उनके वनडे करियर को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। अगला वनडे वर्ल्ड कप अगले साल अक्टूबर-नवंबर में साउथ अफ्रीका में होगा। कोहली और रोहित को उनकी फॉर्म और फिटनेस के आधार पर ही वर्ल्ड कप की टीम में जगह मिलेगी। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे 13 जून को धर्मशाला में, दूसरा 17 जून को लखनऊ में और तीसरा वनडे 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। भारत इसके बाद अपना अगला वनडे इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई को खेलेगा।
