विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड का दौरान करना है। साउथ अफ्रीका दौरा 17 अप्रैल से शुरू हो रहा है, जहां टीम इंडिया को मेजबान टीम से 5 मैचों की टी20 सीरीज में भिड़ना है। इस मुश्किल सीरीज के लिए हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम का ऐलान हो गया है। इस टीम में मध्य प्रदेश की ऑलराउंडर अनुष्का शर्मा को भी जगह मिली है। 22 साल की अनुष्का पहली बार भारतीय टीम में चुनी गई हैं।
कौन हैं अनुष्का शर्मा?
दाएं हाथ की बल्लेबाज और ऑफ स्पिन गेंदबाजी करने वाली अनुष्का ने हाल ही में विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में सुर्खियां बटोरी थीं। उनका यह पहला ही WPL सीजन था। उन्होंने गुजरात जायंट्स के लिए 7 मैचों में 129.19 के स्ट्राइक रेट से 177 रन बनाए थे। उनका बेस्ट स्कोर 44 रहा। गुजरात जायंट्स ने उन्हें 45 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। WPL में कमाल करने के बाद अनुष्का ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भी अपने बल्ले का जौहर दिखाया और उन्होंने इंडिया-ए के लिए 5 मैचों में 116 रन बनाए।
इससे पहले वह घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करती आई हैं। उन्होंने सीनियर विमेंस इंटरजोनल ट्रॉफी में सेंट्रल जोन के लिए 58 गेंद में 80 रन की पारी खेली थी। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 5 मैचों में 155 रन जड़े। इसके बाद उन्होंने सीनियर विमेंस ट्रॉफी में 207 रन बनाए। मध्य प्रदेश विमेंस लीग में भी उनका बल्ला चला और वह 93 रन के साथ टूर्नामेंट में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। अनुष्का अपनी कलात्मक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान से मिली वह हार... जब मरने-मारने पर उतारू हुए अफगानी फैंस
ये खिलाड़ी हुईं बाहर
आस्ट्रेलिया को 2-1 से हराने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहीं स्नेह राणा, अमनजोत कौर, जी कमलिनी और वैष्णवी शर्मा को साउथ अफ्रीका दौरे के लिये टीम में जगह नहीं मिली है। तेज गेंदबाज काशवी गौतम को टीम में शामिल किया गया है। काशवी गौतम टीम इंडिया के लिए टेस्ट और वनडे खेल चुकी हैं। उनका टी20 टीम में पहली बार सेलेक्शन हुआ है।
यह भी पढ़ें: खाते में 11 करोड़, मैच सिर्फ 2... इस बार LSG के भरोसे पर खरा उतरेंगे मयंक यादव?
भारतीय टीम - हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमाह रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, काशवी गौतम, भारती फुलमाली, उमा छेत्री (विकेटकीपर), अनुष्का शर्मा।
