ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने दमदार शुरुआत की है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को रौंद ग्रुप-ए में टॉप पर कब्जा जमाया हुआ है। टीम इंडिया की जीत में अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दीप्ति ने पाकिस्तान के खिलाफ मुश्किल स्थिति में 9 गेंद में नाबाद 12 रन बनाए थे और फिर गेंद से कमाल दिखाते हुए 4 ओवर में सिर्फ 10 रन खर्चते हुए 5 विकेट झटक लिए। टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भारतीय गेंदबाज का यह बेस्ट बॉलिंग फिगर रहा।
नीदरलैंड्स के सामने दीप्ति ने 2 गेंद में 10 रन बनाए और 3 ओवर में 26 रन देकर 1 विकेट लिया। उनके नाम दो मैचों में कुल 6 विकेट हो गए हैं। वह सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाली गेंदबाजों की लिस्ट में श्रीचरणी (7 विकेट) के बाद दूसरे पायदान पर हैं।
यह भी पढ़ें: तीन साल में 3000 ODI रन... धोनी का यह रिकॉर्ड टूटना नामुमकिन
इतिहास रचने की दहलीज पर दीप्ति
दीप्ति के नाम टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में 25 विकेट हो गए हैं। अगर वह मौजूदा टूर्नामेंट में 4 विकेट और ले लेती हैं, तो पूनम यादव के सर्वकालिक रिकॉर्ड को तोड़ देंगी। पूर्व लेग स्पिनर पूनम ने टी20 वर्ल्ड कप में 28 विकेट चटकाए हैं और इस टूर्नामेंट में भारत की सबसे सफल गेंदबाज हैं। दीप्ति उन्हें पछाड़ने की दहलीज पर खड़ी हैं।
भारत के लिए विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में दीप्ति के बाद राधा यादव (18 विकेट) और रेणुका सिंह (14 विकेट) का नाम है। हालांकि इन दोनों को प्लेइंग-XI में जगह नहीं मिल पा रही है।
यह भी पढ़ें: अब जल्दी शुरू होगा IPL, तारीखों में बड़े फेरबदल की तैयारी में BCCI
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट
- पूनम यादव - 28 विकेट (18 पारियां)
- दीप्ति शर्मा - 25 विकेट (21 पारियां)
- राधा यादव - 18 विकेट (13 पारियां)
- रेणुका सिंह - 14 विकेट (9 पारियां)
- प्रियंका रॉय - 12 विकेट (8 पारियां)
- शिखा पांडेय - 12 विकेट (12 पारियां)
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत का स्क्वॉड: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमाह रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, भारती फुलमाली, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा, राधा यादव।
