बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले 28 साल के झंडू कुमार बचपन में पोलियो का शिकार हो गए थे। इसके बाद उन्होंने जीवन में काफी आर्थिक तंगी का सामना किया। परिवार का गुजारा चलाने के लिए उन्होंने सब्जियां बेचने और ई-रिक्शा चलाने जैसे काम किए। इन तमाम संघर्षों के बाद उन्होंने पैरा-पावरलिफ्टिंग में मेहनत की और अब उनका सिलेक्शन ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में हो गया है।

 

स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में 23 जुलाई से 2 अगस्त के बीच राष्ट्रमंडल खेल 2026 होने जा रहे हैं। इन खेलों में दुनिया भर के करीब 74 देशों से लगभग तीन हजार खिलाड़ी 10 अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेंगे। इस बड़े खेल में भारत की तरफ से पैरा-पावरलिफ्टिंग खेल में झंडू कुमार भी देश के लिए खेल रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: भाई को नहीं पसंद था अफेयर, बहन ने प्रेमी के साथ मिलकर चाकुओं से मारा

बचपन और पोलियो का साया

झंडू कुमार का जन्म बिहार के नालंदा जिले के हरनौत में एक साधारण परिवार में हुआ था। जब वह चार से पांच साल के थे तब उन्हें पोलियो हो गया था। इस बीमारी की वजह से उनके पैरों ने काम करना बंद कर दिया जिसके बाद उन्हें चलने के लिए बैसाखियों का सहारा लेना पड़ा।

 

गरीबी के कारण झंडू कुमार को अपने परिवार का खर्च चलाने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ा था। घर की आर्थिक हालत ठीक न होने की वजह से उन्होंने बाजार में सब्जियां बेचने का काम किया था। इसके बाद कोरोना महामारी के दौरान उनका यह काम पूरी तरह बंद हो गया था। काम बंद होने पर उन्होंने दोस्तों से पैसे उधार लेकर एक ई-रिक्शा खरीदा था लेकिन बाद में तंगी के कारण उन्हें वह ई-रिक्शा भी बेचना पड़ गया था।

खेल की शुरुआत

पैरा-पावरलिफ्टिंग में आने से पहले उन्होंने गोला फेंक, भाला फेंक और चक्का फेंक जैसे खेलों में भी हिस्सा लिया था। इसके बाद उन्होंने अपना पूरा ध्यान पैरा-पावरलिफ्टिंग पर लगाया और इसी खेल में आगे बढ़े। इस दौरान उन्हें राजेंद्र सिंह रहेलु से सही मार्गदर्शन मिला। उन्होंने साल 2025 के खेलो इंडिया पैरा गेम्स में 72 किलोग्राम वजन वर्ग में 206 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इससे पहले नोएडा की पैरा नेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने 205 किलोग्राम वजन उठाया था।

 

यह भी पढ़ें: साइबर ठगी और पाकिस्तानी चैट का भंडाफोड़, 21 एटीएम कार्ड के साथ दो गिरफ्तार

 

इसके अलावा उन्होंने बीजिंग में हुए 2025 वर्ल्ड कप और एशिया-ओशिनिया चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीते। इसके अलावा उन्होंने काहिरा में हुई 2025 की वर्ल्ड चैंपियनशिप में छठा स्थान हासिल किया। अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन के दम पर झंडू कुमार का चयन साल 2026 के ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारतीय टीम में हो गया है। अभ्यास के दौरान वह ट्रेनिंग में 210 किलोग्राम तक वजन उठा चुके हैं और उनके कोच को उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।