बिहार की राजधानी पटना के बिहटा में पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। अवैध खनन के दौरान नाविकों को डरा-धमकाकर रंगदारी वसूले जाने की सूचना पर पुलिस ने विशेष टीम बनाई कार्रवाई की तो अपराधियों ने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से लगभग 40 राउंड तथा पुलिस की ओर से लगभग 22 राउंड फायरिंग हुई।

 

इस घटना में एक पुलिस पदाधिकारी को गोली हाथ को छूते हुए निकल गई तथा थानाध्यक्ष भी घायल हुए हैं। मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए हैं। पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि अपराध, रंगदारी एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध निरंतर एवं प्रभावी कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम ने साहस एवं तत्परता से अपराधियों का सामना किया।

 

यह भी पढ़ें: चंपारण को 300 करोड़ की सौगात, 1 सितंबर को मोतिहारी में CM सम्राट करेंगे एलान

नाविकों से रंगदारी वसूलने की मिली थी सूचना

बिहटा थाना क्षेत्र में 30 अगस्त को सोन नदी में अवैध बालू खनन के दौरान नाविकों से डराकर पैसे वसूलने की सूचना पुलिस को मिली थी। शिकायत के अनुसार, जो नाविक रंगदारी देने से मना करते थे, उनके साथ मारपीट की जाती थी और नाव छीनने की धमकी दी जाती थी। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम बनाई गई। टीम का नेतृत्व बिहटा थानाध्यक्ष कर रहे थे। इसमें बिहटा थाना के पुलिसकर्मी और डायल-112 के जवान भी शामिल थे। पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ अपराधी नाव के जरिए रंगदारी वसूलने के लिए नदी में जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी घेराबंदी की और उन्हें रुकने का संकेत दिया।

पुलिस को देखते ही अपराधियों ने शुरू की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही नाव पर सवार अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से गोलीबारी होती रही। अपराधियों की गोलीबारी में एक पुलिस अधिकारी के हाथ को छूकर गोली निकल गई, जबकि थानाध्यक्ष को भी चोट लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान अनीश कुमार नाम का एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: पुलिस कस्टडी में था अपराधी, खिड़की तोड़कर हुआ फरार, 35 मुकदमें हैं दर्ज

 

पुलिस के अनुसार, अपराधियों की ओर से करीब 40 राउंड और पुलिस की ओर से करीब 22 राउंड फायरिंग हुई। गोलीबारी के दौरान कुछ अपराधी नदी में कूदकर भाग गए। वहीं पियूष कुमार नाम के एक आरोपी को पुलिस ने नाव से गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपियों की तलाश के लिए नदी में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

कट्टा, पिस्टल, रायफल और कार्बाइन बरामद

पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, दो देसी पिस्टल, एक रायफल, एक देसी कार्बाइन और करीब 25 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सभी हथियारों को जब्त कर जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी अनीश कुमार का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पिछले साल उससे जुड़े एक मामले में AK-47 भी बरामद की गई थी। उसके खिलाफ छह अन्य मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इनमें अवैध खनन, रंगदारी, हत्या और हथियार रखने से जुड़े मामले शामिल हैं।

 

यह भी पढ़ें: 69000 शिक्षक भर्ती: मंत्री के बाहर भूख हड़ताल पर क्यों बैठे हजारों अभ्यर्थी?

 

गिरफ्तार आरोपी पियूष कुमार का भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वह पहले कई मामलों में जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस अब फरार आरोपियों की पहचान और उनके पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अवैध बालू खनन और रंगदारी के इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।