हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हुए हैं। यह हादसा चुराह इलाके में तीसा-बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि बस में करीब 20 लोग सवार थे। बस बैरागढ़ से चंबा की तरफ जा रही थी। तभी चालुज मोड़ के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मृतकों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।
प्रशासन राहत एवं बचाव में जुटा है। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। तीसा सिविल अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है। छह लोगों को गंभीर चोट आई है। उन्हें चंबा के पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु के 26 होटलों में सड़ा-गला मांस मिला, कई बड़े होटलों में धांधली
हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है। बस चालक और परिचालक की भी मौत हो गई है। सभी मृतक चंबा जिले के रहने वाले थे। वहीं 10 घायल चंबा और एक अयोध्या की महिला है। हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि चार मृतक एक ही गांव बहला के रहने वाले हैं। घायलों में पांच नाबालिग भी शामिल हैं, जिनकी पहचान प्रियंका, हर्षा, काव्या, अप्रित और नेहा के तौर पर हुई है।
बस जहां हादसे का शिकार हुई, वह इलाका चुराह घाटी में पड़ता है। यह 27 किलोमीटर लंबा एक बेहद संकरा मार्ग है। रास्ते में कई जगह गहरी खाई हैं। तीखे मोड़ होने के कारण हादसों का डर हमेशा बना रहता है। हिमाचल पुलिस के मुताबिक 30 जून से 7 अगस्त तक प्रदेश में अलग-अलग सड़क हादसों में 78 लोगों की जान जा चुकी है।
मृतकों की सूची
- जगदेव शर्मा (50): गांव बाहला, जिला चंबा।
- देसराज (35): गांव बाहला, जिला चंबा।
- तेज सिंह (39): गांव सत्यास, जिला चंबा।
- जगदेई (24): गांव बाहला, जिला चंबा।
- हरदेई (43): गांव बाहला, जिला चंबा।
- नीलम (34): वीपीओ देवीकोठी, जिला चंबा।
- रूप सिंह (35): गांव चिल्ली, जिला चंबा। (चालक)
घायलों की सूची
- कर्ण सिंह उर्फ साहिल (18): गांव बैरागढ़, जिला चंबा।
- सुष्मिता (32): अयोध्या।
- प्रियंका (5) : गांव देवीकोठी, जिला चंबा।
- हर्षु (4): गांव देवीकोठी, चंबा।
- पानो देवी (41), गांव डिरयाला, जिला चंबा।
- काव्या (11), वीपीओ देवीकोठी, जिला चंबा।
- धन्नी (40): गांव रण्डियून्ड, जिला चंबा।
- धर्मों देवी (62): गांव घुलेई, जिला चंबा।
- अप्रित मंगल (11): गांव डिरयाला, जिला चंबा।
- नेहा (10): वीपीओ देवीकोठी, जिला चंबा।
- विजय कुमार (34): गांव सरवास, जिला चंबा।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
यह हादसा उस समय हुआ जब बस बैरागढ़ से चंबा जा रही थी। बैरागढ़-तीसा मार्ग पर चालुज मोड़ के पास बस पलट गई। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है और 11 लोग घायल हुए हैं। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन सेवा और राजस्व विभाग के कर्मियों की टीम राहत एवं बचाव में जुटी है।
यह भी पढ़ें: धार्मिक यात्रा कराएगी 'भारत गौरव डीलक्स' ट्रेन, क्या-क्या होगा खास? सब जानिए
सीएम ने जताया गहरा शोक
हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया। फेसबुक पोस्ट में सीएम ने लिखा कि चंबा जिले के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास हुए बस हादसे में सात लोगों के निधन और 11 अन्य लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुःखद हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत जन की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजन को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराकर उनके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
