उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने दुकानदार की उंगली काट ली क्योंकि इस युवक से दुकानदार ने 2 रुपये मांग लिए थे। इस युवक ने पहले 7 रुपये की सिगरेट खरीदी लेकिन दुकानदार को 5 रुपये ही दिए। दुकानदार ने युवक से बाकी के 2 रुपये और मांगे तो युवक ने 2 रुपये देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों में बहस हुई और युवक ने अपने दांतों से दुकानदार की उंगली ही काट डाली।
यह घटना कानपुर के बिल्हौल इलाके की है। इस मामले के पीड़ित दुकानदार का नाम दीपू है। अब दुकानदार ने युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत कराई है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: पति को 63 कॉल और 47 मैसेज किए, जवाब नहीं मिला और जान चली गई
नशे में धुत्त युवक ने किया हमला
दुकानदार दीपू ने बताया है कि युवक नशे में था, इस वजह से दुकानदार युवक को नजरअंदाज कर रहा था। इसी दौरान दीपू की दुकान के सामने अंडों की सप्लाई आती है, जिसके बाद दुकानदार अंडों की सप्लाई दुकान में लाने के लिए जाता है। इसके बाद अचानक युवक दीपू के पास आता है और दुकानदार से उलझने लगता है। दूसरी तरफ दीपू उसे हटाने की कोशिश करता है।
इससे दोनों के बीच जोरदार धक्का-मुक्की होने लगती है। इसी झड़प के बीच युवक ने दुकानदार दीपू के बाएं हाथ की उंगली अपने दांत से काट ली थी, जिसके बाद दुकानदार की उंगली से खून निकलने लगता है। दुकानदार की उंगली का टुकड़ा जमीन पर गिर जाता है और दुकानदार दर्द की वजह से जोर से चिल्लाने लगता है। दुकान के आस-पास के लोग दुकानदार के पास आ जाते हैं और युवक को चारों ओर से घेर लेते हैं। इसके बाद दुकानदार अपनी उंगली पर मरहम-पट्टी लगवाने के लिए डॅाक्टर के पास जाता है।
यह भी पढ़ें: चुनाव पहले ममता का दांव, 10वीं पास बेरोजगार युवाओं को देंगी 1500 रुपये
पुलिस की जांच
इस घटना के बाद आस-पास के लोग युवक को पकड़ लेते हैं। लोगों ने युवक को पुलिस के हवाले किया और पुलिस से कहा कि युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा है कि आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
