महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एक व्यापक अभियान चलाया है। कमिश्नर तुकाराम मुंडे की अगुवाई में हुई इस सख्त कार्रवाई के दौरान करीब 9.01 करोड़ रुपये मूल्य का 3.53 लाख किलोग्राम से ज्यादा खाने का सामान जब्त किया गया। इसमें पंतजलि ब्रांड का 2,279.7 लीटर गाय का घी जब्त किया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने पर 19 खाद्य कारोबारियों (FBOs) के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं।
छत्रपति संभाजीनगर में दिव्य महावितरक नाम के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर के पास से पतंजलि ब्रांड के घी को जब्त किया गया है जिसकी कीमत लगभग 20.20 लाख रुपये है। इस घी पर मिलावट और मिसब्रांडिंग का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा, एफडीए की टीमों ने भिवंडी में एविन्यू सुपरमार्ट्स से 1,44,218 किलोग्राम खाने का तेल और सातारा के अमीन ट्रेडर्स से 20,560 किलोग्राम खाद्य सामग्री भी कब्जे में ली है।
यह भी पढ़ें: 2 लाख रिश्वत मांगी, सप्लाई इंस्पेक्टर सस्पेंड; थाने में सड़ गया 95 क्विंटल चावल
मामले में दर्ज हुए 13 FIR
28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर के बीच चलाए गए इस 4 दिनों के स्पेशल चेकिंग अभियान के तहत कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है। इस मामले में राज्य में अब तक कुल 13 FIR दर्ज की गईं और साथ ही 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 7 दुकानों और प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। इसके अलावा 6 गाड़ियों को भी जब्त किया गया है।
कमिश्नर तुकाराम मुंडे का बयान
FDA के आयुक्त तुकाराम मुंडे ने इस कार्रवाई पर कहा हैं, 'मैंने त्योहारी सीजन के लिए मानक संचालन आदेश (SOP) जारी किए हैं, जिनमें दिवाली सहित सभी त्योहार शामिल हैं। हमने 21 दिन पहले ही कार्रवाई शुरू कर दी थी। अब इसे रिटेलर्स, होलसेलर्स, डीलर्स और सेमी-डीलर्स के स्तर पर और तेज किया जाएगा। किसी को भी नियमों का उल्लंघन नहीं करना चाहिए। जो खाद्य कारोबारी घटिया, असुरक्षित या गलत लेबल वाले खाद्य उत्पादों को बेचने, बनाने या स्टोर करने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई करने में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।'
यह भी पढ़ें: 10 लाख की सुपारी: अधिवक्ता की हत्या, 32 बीघा जमीन के लिए रची गई खूनी साजिश
कई जगहों पर कार्रवाई
सफाई और हाइजीन के नियमों का पालन न करने पर मुंबई, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर में नमकीन, मिठाई और मसाला बनाने वाली कई मशहूर निर्माण इकाइयों पर गाज गिरी है। एफडीए अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के समय लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा। यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
