सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) के दफ्तर में अभिनेता दीपक काजिर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। CINTAA की लाइफटाइम मेंबर डेजी क्लेमेंट्स ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया था। इसके बाद जब दीपक काजिर ने पूछा कि उन्हें क्यों रोका जा रहा है तो माहौल बिगड़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।
यह घटना 26 नवंबर की बताई जा रही है। इस बारे में CINTAA की सदस्य डेजी क्लेमेंट्स ने बात की है। हालांकि, अभी तक CINTAA की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं सामने आया है। न ही इन दावों की पुष्टि हुई है।
यह भी पढ़ें: झारखंड: रामगढ़ में सड़क हादसा, राजरप्पा मंदिर जा रहे 13 श्रद्धालुओं की मौत
क्या है पूरा मामला?
डेजी क्लेमेंट्स ने इस घटना की जानकारी देते हुए कहा, 'यह गुरुवार (26 नवंबर) को हुआ, दीपक को अंदर जाने से रोका गया और उन्होंने पूछा कि क्यों? उन्होंने बस दीपक पराशर से कहा, ‘मुझे क्यों रोका? किस वजह से? मुझे जवाब चाहिए’ इसके बाद उन्हें बहुत बुरी तरह पीटा गया। अरमान ताहिल, बृजेश, राम और सपन भट्टाचार्य ने उन्हें लातों और घूंसों से मारा, जिससे वो घायल हो गए।'
सेहत को लेकर जताई चिंता
डेजी क्लेमेंट्स ने वरिष्ठ अभिनेता दीपक काजिर की सेहत को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि वो इस समय ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह कैंसर के मरीज हैं, CINTAA के दफ्तर में ऐसा नहीं होना चाहिए। ये सबके लिए डरावना है, अगर उनके साथ ऐसा हुआ है, तो हमारे साथ भी हो सकता है। फिलहाल, CINTAA ने इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। इन दावों की पुष्टि भी नहीं हुई है और इस बातचीत में नाम लिए गए सदस्यों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
