गुजरात के अहमदाबाद में एक सोसाइटी के अंदर 21 साल का छात्र घायल अवस्था में बिना कपड़ों के मिला। आस-पास के लोगों ने लड़के को कपड़े पहनाए और पास के हॉस्पिटल ले गए, अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किसी अनजान आदमी ने पीटा था और उसके शरीर के कई हिस्सों पर जानलेवा चोटें आई थीं। घटना अहमदाबाद के इसनपुर इलाके की बताई जा रही है। 

 

इस मामले में पुलिस ने मर्डर का केस दर्ज किया है और अनजान हमलावर का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। छात्र की पहचान जिगर शैलेश सोलंकी के तौर पर हुई है, जो असल में भावनगर का रहने वाला था। FIR के मुताबिक, शैलेश सोलंकी B.Voc (Bachelor of Vocation) के तीसरे सेमेस्टर का स्टूडेंट था।  

 

यह भी पढ़ें: 20 साल पुराने केस में कहां फंस गए CEC ज्ञानेश कुमार? केरल सरकार कराएगी जांच

क्या है पूरा मामला? 

इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए डीसीपी भगीरथ टी गढ़वी ने बयान में बताया कि जिगर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने पीटा, जिससे शरीर के कई हिस्सों में जानलेवा चोटें आईं। यह घटना 2 अक्टूबर 2026 की रात 9:15 से 10:30 बजे के बीच तीर्थभूमि अपार्टमेंट के परिसर में हुई। FIR के मुताबिक जिगर गोटा की सिल्वर ओक यूनिवर्सिटी में बी.वोक. (फाइनेंस) के तीसरे सेमेस्टर का छात्र था। पहले वह पीजी में रहता था और करीब ढाई महीने पहले वह अपने चचेरे भाई के साथ इसानपुर में अपने मामा के घर रहने आ गया था।  

 

पुलिस के मुताबिक, घटना की रात छात्र बाइक से किसी दोस्त से मिलने घर से निकला था। वह तीर्थभूमि अपार्टमेंट में गंभीर हालत में मिला, उसके शरीर पर पिटाई के कई निशान थे। बाद में उसे '108' एम्बुलेंस से एलजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीसीपी ने वीडियो बयान में बताया कि जब सोसाइटी के लोगों ने छात्र को देखा, तब वह होश में था। उसने अपना नाम और परिवार के लोगों के नंबर बता दिए। लोगों ने उसके परिवार को खबर दी। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका कि उस पर हमला किसने किया।

शरीर पर कई चोट के निशान

शव का पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पंचनामे के मुताबिक ज्यादातर चोटें पीठ और जांघों पर हैं। बताया जा रहा है कि उसे डंडे से बार-बार मारा गया। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, क्योंकि अंदरूनी चोटें हो सकती हैं जो मौके पर पुलिस को नहीं दिखीं। पुलिस को जिगर के कपड़े घटनास्थल के पास मिले, जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। क्राइम ब्रांच भी जांच में मदद कर रही है।

 

इस मामले में छात्र के बयान के आधार पर इसानपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि तकनीकी साधनों और अपने सूत्रों से पता लगा रहे हैं कि इसके पीछे कौन है। अभी तक कोई खास वजह या मकसद सामने नहीं आया है।