भारत के यशवीर सिंह ने एशियन गेम्स 2026 की पुरुष जैवलिन थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीता है। फाइनल 28 सितंबर 2026 को जापान के आइची-नागोया में नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में खेला गया। इसी स्पर्धा में भारत के रोहित यादव ने कांस्य पदक जीता। इस तरह जैवलिन थ्रो में भारत को एक ही दिन में दो पदक मिले। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने यशवीर सिंह को बधाई दी है।

24 साल के यशवीर को एशियन गेम्स में खेलने का मौका तब मिला, जब नीरज चोपड़ा टखने की लिगामेंट चोट के कारण प्रतियोगिता से हट गए। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया पर यशवीर को बधाई दी और लिखा कि यशवीर ने देश का यश बढ़ाया है।

यह भी पढ़ें: 'छक्के छुड़ा देंगे', शिखर धवन की मौजूदगी में नमो मैराथन में बोले CM नायब सैनी

नायब सैनी, मुख्यमंत्री, हरियाणा:-
यशवीर ने बढ़ाया भारत का यश। हरियाणा के लाल यशवीर सिंह को एशियन गेम्स 2026 की पुरुष जैवलिन थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। 85.72 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आपकी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण का परिचायक है। यह उपलब्धि हरियाणा सहित पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। आपकी इस सफलता पर हर देशवासी को गर्व है। खेल के क्षेत्र में आपका यह सफर निरंतर आगे बढ़ें, यही शुभकामना है।

कौन हैं यशवीर सिंह?

यशवीर का जन्म 22 अक्टूबर 2001 को हुआ था। वह एथलेटिक्स में पुरुष जैवलिन थ्रो के खिलाड़ी हैं। वर्ल्ड रैंकिंग में वह इस समय 14वें स्थान पर हैं। एशियन गेम्स के लिए उन्होंने तय मानक पूरा करके क्वालिफाई किया था। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के रिकॉर्ड के मुताबिक उनका क्वालिफाइंग प्रदर्शन 83.72 मीटर का था। यह थ्रो 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आया।

 

 



यह भी पढ़ें: दिल्ली को वायु प्रदूषण से राहत देगा हरियाणा, नायब सैनी सरकार ने बनाया प्लान

यशवीर की दूसरी उपलब्धियां क्या हैं?

यशवीर ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भी कांस्य पदक जीता था। उस स्पर्धा में नीरज चोपड़ा ने रजत पदक हासिल किया था। नीरज, रोहित यादव और यशवीर तीनों कॉमनवेल्थ गेम्स के जैवलिन फाइनल में पहुंचे थे। मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संदेश में यशवीर को हरियाणा का लाल बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण को दिखाती है। उन्होंने इसे हरियाणा और पूरे देश के लिए गर्व का पल बताया है।