रघुराज प्रताप सिंह और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच बीते कुछ साल से रिश्ते बेहद तल्ख हैं। भानवी सिंह और उनके बीच पारिवारिक विवाद का यह मामला अदालत में लंबित है। भानवी सिंह के साथ उनकी बेटियां हैं तो रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के साथ उनके दोनों बेटे। परिवार में तल्खी इस हद तक बढ़ गई है कि बेटियां कुंडा नहीं जा पा रही हैं, जबकि दूर-दूर से बाहरी लोग धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनने कुंडा आ रहे हैं। अब भानवी सिंह ने अपने पति राजा भैया से गुहार लगाई है कि उन्हें कुंडा आने दिया जाए।
भानवी कुमारी ने कुंडा के बेंती राजभवन में हो रही श्रीराम कथा में शामिल होने की इच्छा जताई है। उन्होंने इसके लिए कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया से अनुमति देने की अपील की है। भानवी ने कहा कि बेंती राजभवन उनकी ससुराल है, धार्मिक तौर पर भी उन्हें आने की इजाजत दी जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: 'हिंदुओं को मुसलमानों से सीखना चाहिए', क्या नसीहत दे रहे हैं रघुराज प्रताप सिंह?
भानवी सिंह ने राजा भैया से क्या फरियाद लगाई है?
भानवी कुमारी ने अपने संदेश में कहा है कि उन्हें कथा में आने और धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन करने का मौका मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजा भैया उनकी इस इच्छा का सम्मान करेंगे। उनके मुताबिक इससे पूरे परिवार को कथा सुनने का लाभ मिलेगा।
भानवी सिंह ने भगवान राम से परिवार में फैली नकारात्मकता, कड़वाहट और अशांति के अंत की प्रार्थना की है। उनका कहना है कि परिवार में फिर से प्रेम, भरोसा और एकजुटता का माहौल बने। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री से भी आशीर्वाद और मार्गदर्शन की अपील की है।
क्यों राजमहल में आना चाहती हैं भानवी सिंह?
भानवी ने श्रीराम कथा को जीवन में मर्यादा, त्याग, करुणा और धैर्य की राह दिखाने वाली प्रेरणा बताया है। उन्होंने कहा कि यह कथा परिवारों को जोड़ने और रिश्तों में भरोसा जगाने का मौका बने। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री से प्रार्थना की है कि वह पारिवारिक प्रेम और मार्गदर्शन की राह दिखाएं।
यह भी पढ़ें: चुनाव से पहले अखिलेश ने राजा भैया कैंप में मचाई हड़बड़ी! अब BJP अध्यक्ष भी मिले
कहां तक पहुंची कथा की तैयारी?
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का आयोजन बेंती राजभवन परिसर में हो रहा है। आयोजकों ने बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई है। कथा के लिए आठ अलग-अलग दिशाओं से कलश यात्रा भी निकाली गई थी।
कब है धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा?
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा कुंडा में हो रही है। वह कुंडा पहुंच गए हैं, खुद राजा भैया उन्हें अपनी कार में बैठाकर एयरपोर्ट से राजमहल लेकर आए। उनकी कथा 4 दिनों तक चलेगी। कथा का आयोजन 17 से 20 नवंबर तक होगा। इसके आयोजक भी राजा भैया हैं। उत्तर प्रदेश की सियासत में भी इस कथा पर शोर मचा है।
