उत्तर प्रदेश के जिला बागपत में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हैं। श्रद्धालु राजस्थान के बागड़ धाम से दर्शन कर बदायूं लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ागांव के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक बदायूं जिले के चेती नंगला, अल्लापुर, उस्मानपुर समेत आसपास के गांवों के श्रद्धालु 2 सितंबर को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले स्थित गोगामेड़ी के बागड़ धाम दर्शन के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद रविवार शाम सभी श्रद्धालु पिकअप से अपने घर बदायूं के लिए रवाना हुए थे।
रात करीब डेढ़ बजे पिकअप बागपत जिले में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ागांव के पास पहुंची। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने पिकअप में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे में कई श्रद्धालु वाहन के नीचे दब गए।
यह भी पढ़ें: घर गिर जाने से तीन बेटियों और पिता की मौत, चौथी बेटी गंभीर रूप से घायल
मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाया गया। पुलिस ने घायलों को पिकअप से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घायलों को खेकड़ा सीएचसी और बागपत जिला अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत वाले घायलों को मेरठ रेफर किया गया।बागपत में छह श्रद्धालुओं को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि 6 अन्य ने मेरठ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों के नाम क्या हैं?
हादसे में मुन्नी देवी (60), सुगडपाल (55), साधुराम (62), रामेश्वर यादव (66), प्रेम सिंह (54), जितेंद्र उर्फ मोनू (6), मूर्ति (35), भानवती (52), चार वर्षीय अज्ञात बच्चा, 45 वर्षीय अज्ञात महिला, प्रेमवती (50) और दीक्षा (2) की मौत हुई है।बताया जा रहा है कि पिकअप में कुल 32 लोग सवार थे। सभी बदायूं जिले के रहने वाले थे। हादसे के बाद 22 घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इन गांवों के श्रद्धालु लंबे समय से बागड़ धाम की यात्रा करते आ रहे हैं। इस बार भी श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर गए थे, लेकिन लौटते समय बागपत में हुए हादसे ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं।
यह भी पढ़ें: सिगरेट के लिए डांट पड़ी तो हॉस्टल छोड़ गया खिलाड़ी, मुंबई में मजदूरी करता मिला
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से निकल गया। पुलिस अब एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों की मदद से अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। बागपत प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज की व्यवस्था कराई जा रही है। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। धार्मिक यात्रा से खुशी-खुशी घर लौट रहे श्रद्धालुओं को शायद अंदाजा भी नहीं था कि बागपत का एक्सप्रेसवे उनके लिए मौत का रास्ता बन जाएगा। एक झटके में 12 जिंदगियां खत्म हो गईं और कई परिवारों में हमेशा के लिए मातम पसर गया।
